OSCAR 2022 में बवाल, Will Smith ने होस्ट को जड़ा थप्पड़, बेस्ट एक्टर का अवार्ड लेते हुए रो पड़े

हॉलीवुड के जानेमाने एक्टर विल स्मिथ ने फिल्म किंग रिचर्ड के लिए जीता बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवॉर्ड, अवार्ड मिलने से पहले उन्होंने होस्ट को जड़ा था थप्पड़, पत्नी पर जोक को लेकर गुस्सा हुए थे एक्टर

Updated: Mar 28, 2022, 05:48 AM IST

लॉस एंजेलिस। ऑस्कर अवार्ड सेरेमनी 2022 में इस बार कुछ ऐसा बवाल देखने को मिला जो इतिहास में आज तक कभी नहीं हुआ। इवेंट के दौरान मशहूर एक्टर विल स्मिथ ने होस्ट क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद स्मिथ किंग रिचर्ड फ़िल्म के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड भी जीते। अवार्ड लेते हुए उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और अपराधबोध में वे रो पड़े।

दरअसल, अमेरिकी कॉमेडियन क्रिस रॉक इस शो को होस्ट कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विल स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट स्मिथ को लेकर को लेकर जोक किया। यह बात एक्टर स्मिथ को पसंद नहीं आई और वे गुस्से में अपनी सीट से उठकर स्टेज पर चले गए। जबतक कोई कुछ समझ पाता उन्होंने स्टेज पर खड़े क्रिस रॉक को जोरदार थप्पड़ मार दिया। क्रिस को इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था। वहां मौजूद अन्य सभी लोग भी शॉक्ड हो गए।

खास बात ये है कि थप्पड़ खाने के बावजूद क्रिस ने खुद पर कंट्रोल किया और वह विल से हंसी मजाक के मूड में बात करते रहे। ऐसे में लोगों को भी लगा कि ये शो स्क्रिप्ट के हिसाब से ही चल रहा है। लेकिन गुस्साए विल अपनी सीट से भी रॉक पर चिल्लाते हुए कहते हैं कि अपने मुंह से कभी मेरी पत्नी का नाम मत लेना। इस घटना के तत्काल बाद अगले होस्ट डिडी स्टेज पर पहुंचे और उन्होंने माहौल को संभालते हुए कहा कि विल स्मिथ और क्रिस रॉक इस पूरे मसले को परिवार की तरह से सुलझाएंगे। फिलहाल हम प्यार से आगे बढ़ रहे हैं, आप सभी लोग जोश दिखाइए। 

इस घटना के बाद विल स्मिथ को बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड भी मिला। जब वह अवॉर्ड लेने स्टेज पर गए तो वे रो पड़े और अपनी स्पीच में माफी मांगी। विल ने कहा, मैं एकेडमी से माफी मांगना चाहता हूं। मैं जो बाकी नॉमिनेट हुए हैं उन लोगों से माफी मांगना चाहता हूं। ब्रेक के दौरान डेनजल वॉशिंगटन और टाइलर पैरी विल को समझाते नजर आए। डेनजल ने विल को गले लगाया और उन्हें शांत किया। विल इस दौरान बहुत इमोशनल हो गए और पत्नी जादा के साथ बैठ गए। विल की आंखों में आंसू भी आ गए थे।

हुमा कुरैशी की फ़िल्म को फैंस चॉइस अवार्ड

ऑस्कर 2022 में भारतीय अभिनेत्री हुमा कुरैशी की फ़िल्म 'आर्मी ऑफ द डेड' को फैंस च्वाइस अवॉर्ड मिला। बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर कैटेगरी में भारत की फिल्म राइटिंग विद फायर की ऑफिशियल एंट्री हुई थी। हालांकि, यह फिल्म अवॉर्ड जीतने में सफल नहीं रही। इस फिल्म को रिंटू थॉमस और सुष्मित घोष ने डायरेक्ट किया था।