प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित, इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती

दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा की कोरोना रिपोर्ट आई पॉजिटिव, दोनों को डॉक्टरों की सलाह पर मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल की डोज दी गई

Updated: Jan 03, 2022, 01:54 PM IST

Photo Courtesy: instagram
Photo Courtesy: instagram

मुंबई। बॉलीवुड कलाकारों के कोरोना संक्रमित होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक्टर्स कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। अब फिल्मी दुनिया के जाने माने खलनायक प्रेम चोपड़ा कोरोना महामारी की चपेट में आ गए हैं। 86 वर्षीय एक्टर की पत्नी उमा चोपड़ा की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। दोनों को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया है।

फिलहाल दोनों की हालत स्थिर है। लीलावती अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है कि मोनोक्लोनल एंटीबॉडी कॉकटेल दिया गया है। डॉक्टर्स की मानें तो उनकी रिकवरी अच्छी हो रही है। इसे देखते हुए जल्द छुट्टी दी जा सकती है। प्रेम चोपड़ा बालीवुड के पहले शो मैन राजकपूर के साढू भाई हैं। प्रेम की वाइफ उमा चोपड़ा कृष्णा राज कपूर की सौतेली बहन हैं।

और पढ़ें: वैक्सीन की दोनों डोज ले चुके जॉन अब्राहम कोरोना संक्रमित, पत्नी की रिपोर्ट भी आई पॉजिटिव

प्रेम चोपड़ा की शादी के 60 साल हो चुके हैं। कपल की तीन बेटियां हैं। प्रेम चोपड़ा हिन्दी फिल्मों के जानेमाने खलनायक हैं। हाल ही में वे यशराज के बैनर तले बनी फिल्म बंटी और बबली-2 में दिखाई दिए थे। कुछ दिनों पहले उनके हाथ में चोट भी लग गई थी। सोमवार को ही जॉन अब्राहम और उनकी पत्नी कोरोना संक्रमित मिली थी। टीवी क्वीन एकता कपूर ने अपनी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद खुद को आइसोलेट कर लिया है। अपने संपर्क में आए लोगों से कोविड टेस्ट करवाने की अपील की है। आज ही डेलनाज ईरानी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

बीते 24 घंटों में महाराष्ट्र में कोरोना के 11 हज़ार 877 नए केस मिल हैं। जिनमें से नए वेरिएंट ओमिक्रोन के 50 मामले सामने आए। 9 मरीजों की भी मौत हुई है। राज्य में कोरोना से दम तोड़ने वालों की संख्या 1 लाख 41 हज़ार 542 पर हो गई है। महाराष्ट्र में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 42 हज़ार 24 है।