रतलाम में भाजपा नेता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में मानसिक परेशानी का किया उल्लेख

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Updated: Oct 06, 2026, 03:32 PM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में कालूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मावता में भाजपा नेता कपिल जायसवाल ने आत्महत्या कर ली। मंगलवार को 44 वर्षीय कपिल ने अपनी ही दुकान में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर दिया। सुबह दुकान के अंदर उनका शव फंदे पर लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें उन्होंने मानसिक परेशानी का उल्लेख किया है।

घटना की सूचना मिलने पर मावता पुलिस चौकी प्रभारी दिनेश राठौर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जावरा सरकारी अस्पताल भेजा। दोपहर में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिवार में माता-पिता, पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

पुलिस के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चला है। प्रारंभिक जांच में मृतक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। कपिल जायसवाल ने मावता में अपने घर के पास ही एक छोटी दुकान किराये पर ले रखी थी। इसी दुकान में वे किराना कारोबार करते थे। मंगलवार सुबह दुकान के अंदर पतरे पर रस्सी का फंदा लगाकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। कपिल जायसवाल भाजपा के सुखेड़ा मंडल के उपाध्यक्ष भी थे।

मावता चौकी प्रभारी दिनेश राठौर ने बताया कि मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें मानसिक रूप से परेशान होने और अपनी मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।