उज्जैन में CM सुगम परिवहन सेवा की बस में लगी आग, जलकर खाक हुई पूरी बस

उज्जैन में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक भीषण आग लग गई। रामवास क्षेत्र में हुई इस घटना में बस जलकर पूरी तरह खाक हो गई।

Updated: Oct 06, 2026, 04:51 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन के रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बस लपटों से घिर गई और देखते ही देखते जलकर पूरी तरह खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग बुझाई। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और संबंधित विभाग घटना की जांच कर रहे हैं।

घटना के वक्त बस में यात्री मौजूद थे या नहीं इसकी फिलहाल पुष्टि नहीं हो सकी है। आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। दमकल कर्मियों ने समय रहते पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।

यह भी पढ़ें:एक कचौड़ी दो समोसा, प्रिंसिपल का क्या भरोसा, सागर में 999 छात्राओं को सप्लीमेंट्री आने पर हंगामा

उज्जैन में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत धार्मिक पर्यटन को ध्यान में रखते हुए 10 बसें उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा को हरी झंडी दिखाकर इन बसों का संचालन शुरू कराया था।

मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में हुआ था। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कार्यक्रम में 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को रवाना किया था।

यह भी पढ़ें:CEC के खिलाफ INDIA गठबंधन का ECI घेराव, राहुल-अखिलेश समेत 150 सांसद होंगे शामिल

सेवा शुरू होने के दो दिन बाद 27 सितंबर को इंदौर के राजबाड़ा क्षेत्र में भी इससे जुड़ी एक ई बस हादसे का शिकार हुई थी। अनियंत्रित हुई बस ने तीन लोगों को चपेट में ले लिया था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जबकि, दो अन्य घायल हुए थे।