जेहान दारूवाला ने रचा इतिहास, फॉर्मूला 2 रेस जीतने वाले पहले भारतीय बने

Sakhir Grand Prix 2020: जापान के युकी सुनोडा ने जेहान से 3.5 सेकेंड पीछे रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, डेनियल टिकटुम तीसरे स्थान पर रहे

Updated: Dec 07, 2020, 09:27 PM IST

Photo Courtesy: Twist Article
Photo Courtesy: Twist Article

बहरीन। भारतीय ड्राइवर जेहान दारूवाला ने इतिहास रच दिया है। वो बहरीन के साखिर ग्रां प्री में फॉर्मूला टू रेस जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 22 साल के जेहान सत्र की अंतिम फॉर्मूला वन ग्रां प्री की सपोर्ट रेस में शीर्ष पर रहे। उन्होंने फॉर्मूला टू चैम्पियन मिक शूमाकर और डेनियल टिकटुम के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में जीत हासिल की।

जेहान दारूवाला ने रेयो रेसिंग के लिए ड्राइविंग करते हुए ग्रिड पर दूसरे स्थान से शुरूआत की। जेहान डेनियल टिकटुम के साथ थे। टिकटुम ने जेहान को साइड करने की पूरी कोशिश की। जिस वजह से मिक शूमाकर दोनों से आगे निकल गए। जिसके बाद जेहान दारूवाला मिक शूमाकर और डेनियल टिकटुम से पीछे हो गए। लेकिन जेहान ने हार नहीं मानी और मजबूत हौसला रखते हुए अपनी पहली फॉर्मूला टू रेस रोमांचक तरीके से जीत गए।

 

 

जीत के बाद जेहान दारूवाला पूरे जोश और जज्बे के साथ दिखे। उन्होंने कहा कि मैंने अपने भारत के लोगों यह साबित कर दिया है कि भले ही हमारे पास यूरोप में ड्राइवरों की तरह सुविधाएं नहीं हैं, लेकिन जब आप कड़ी मेहनत करते है तो आप ग्रिड के मोड़ पर अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। बता दें कि जापान के युकी सुनोडा ने जेहान से 3.5 सेकेंड पीछे रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और डेनियल टिकटुम तीसरे स्थान पर रहे।