पतंग के साथ हवा में उड़ गया आदमी, 40 फीट ऊपर हवा में लटका रहा, हैरान करने वाला वीडियो वायरल
श्रीलंका में पतंगबाजी के दौरान पतंग के साथ ही हवा में उड़ने लगा युवक, थोड़ी देर बाद हाथ से छूटी डोर, बाल-बाल बचा युवक

जाफना। भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को पतंगबाजी करना तब भारी पड़ गया जब पतंग के साथ वह भी हवा में उड़ने लगा। पतंग के साथ युवक करीब 40 फीट उपर पहुंच गया जिसे देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। थोड़ी देर के बाद पकड़ ढीली पड़ते ही युवक से पतंग की डोर छूट गई और वह धड़ाम से नीचे गिर गया। सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक श्रीलंका के जाफना में कुछ लोग 20 दिसंबर को थाई पोंगल पर होने वाली पतंगबाजी की तैयारियां कर रहे थे। इस दौरान नादरस मनोहरन अपने साथियों के साथ एक बड़ा सा पतंग उड़ाने की कोशिश कर रहा था। पतंग बड़ा होने के कारण कई साथी डोर खींचकर उसे झटके से हवा उठा रहे थे। जब पतंग हवा में उड़ने लगी तब मनोहरन के सभी साथी ने डोर छोड़ दी लेकिन मनोहरन के छोड़ने से पहले पतंग हवा में था और वह भी डोर के साथ ऊपर चला गया।
Dramatic video shows a youth swept into the air with a kite in Jaffna area.
— Sri Lanka Tweet December 21, 2021
The youth was reportedly suffered minor injuries.pic.twitter.com/W0NKrYnTe6 #Kiteman #Kite #LKA #Jaffna #SriLanka
इस दौरान मनोहरन जबतक कुछ समझ पाते तबतक वे हवा में करीब 40 फीट की ऊंचाई पर थे। मनोहरन के सभी साथी नीचे हाथ फैलाकर चीख रहे थे और मनोहरन ने पूरी ताकत से डोर पकड़ रखा था। थोड़ी ही देर में हवा के तेज थपेड़ों के कारण पतंग झटके से हिला, इस दौरान मनोहरन की भी पकड़ ढीली पड़ चुकी थी। पतंग का डोर छूटने के साथ ही मनोहरन नीचे जमीन पर गिर गए। इस हादसे में उन्हें काफी चोटें आई है लेकिन गनीमत है कि उनकी जान बच गई। फिलहाल उन्हें नजदीकी पॉइंट पेड्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि श्रीलंका में जनवरी महीने के बड़े हर्षोल्लास के साथ थाई पोंगल त्योहार मनाया जाता है। थाई पोंगल पर बड़ी तादाद में श्रीलंकाई दोस्तों और परिवार के साथ पतंगबाजी का लुत्फ उठाते हैं। जाफना में इस मौके पर पतंगबाजी की प्रतियोगिता आयोजित की जाती है जिसमें बड़ी-बड़ी पतंगों को उड़ाया जाता है। इसी प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान मनोहरन दुर्घटना के शिकार हुए।