ढाई साल में मंत्रियों के बंगलों पर 12.75 करोड़ खर्च, सीएम हाउस को सजाने में 1.10 करोड़ लगे
राजधानी में मंत्रियों के 24 सरकारी बंगलों की साज-सज्जा और मरम्मत पर पिछले ढाई सालों में 12.75 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं।

भोपाल| राजधानी में मंत्रियों के 24 सरकारी बंगलों की साज-सज्जा और मरम्मत पर पिछले ढाई सालों में 12.75 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। यह जानकारी पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने गुरुवार को विधानसभा में विधायक प्रताप ग्रेवाल के एक सवाल के जवाब में दी। उन्होंने बताया कि श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास पर इस अवधि में कुल 1.10 करोड़ रुपए खर्च हुए। इसमें शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल के दौरान 41 लाख रुपए और मौजूदा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक साल के कार्यकाल में 74 लाख रुपए खर्च हुए हैं। केवल साज-सज्जा के लिए ही मुख्यमंत्री आवास पर 35 लाख रुपए खर्च किए गए।
मंत्रियों के बंगलों में सबसे अधिक खर्च कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल के प्रोफेसर कॉलोनी स्थित बी-7 बंगले पर हुआ, जहां कुल 95 लाख रुपए खर्च किए गए। इसमें 71 लाख रुपए अतिरिक्त निर्माण पर ही लग गए। राज्य मंत्री नरेंद्र पटेल के बंगले पर भी 71 लाख रुपए खर्च किए गए। वहीं, सीएम कार्यालय भवन (बी-8) पर कुल 1.93 करोड़ रुपए खर्च किए गए। इसके अलावा बी-1 बंगले पर 52 लाख रुपए, विंध्य कोठी पर 40 लाख रुपए (जिसमें 19 लाख रुपए अतिरिक्त निर्माण पर लगे), और शिवराज सिंह चौहान के पूर्व आवास बी-6 बंगले पर 34 लाख रुपए खर्च किए गए।
इसके विपरीत, सबसे कम खर्च पूर्व मंत्री राहुल लोधी के 45 बंगले पर हुआ, जहां केवल 14,000 रुपए में ही सभी काम पूरे कर दिए गए। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी मंत्री को उनके गृह जिलों में कोई सरकारी बंगला आवंटित नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: देश में हर दिन मंदिर-मस्जिद विवाद उठाया जा रहा, यह स्वीकार्य नहीं: संघ प्रमुख मोहन भागवत
डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले पर 59 लाख रुपए साज-सज्जा पर खर्च किए गए, जबकि चार इमली स्थित बी-9 बंगले पर 68 लाख रुपए का खर्च आया। यह बंगला वर्तमान में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के पास है। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि उनके बी-10 बंगले पर भी 59 लाख रुपए खर्च किए गए हैं।