MP में 20 ITI और 10 कॉलेज खुलेंगे, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 13 हजार, कैबिनेट बैठक के अहम फैसले

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹3,000 की बढ़ोतरी के बाद अब उन्हें प्रतिमाह ₹13,000 मानदेय मिलेगा। आंगनवाड़ी सहायिकाओं के मानेदय में ₹750 की बढ़ोतरी के बाद उन्हें अब ₹5,750 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

Updated: Jul 04, 2023, 04:42 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज सीएम शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में एक दर्जन प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुहर लगाई गई। बैठक के फैसलों की जानकारी देते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने बताया कि मध्य प्रदेश में 22 नए सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) और 10 नए महाविद्यालय खोले जाएंगे। 

गृहमंत्री मिश्रा ने बताया कि 4 महाविद्यालयों में नवीन संकाय, 7 में पोस्ट ग्रेजुएशन शुरू किया जाएगा। 589 पद इसके लिए स्वीकृत किए गए हैं। ITI के लिए 418 अप्रेंटिसशिप और प्रशासकीय 242 पदों की स्वीकृति दी गई है। 22 ITI प्रदेश के ऐसे विकास खंडों में खोले जाएंगे, जहां ये नहीं हैं। इसके लिए 34782.8 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है। साथ में संत रविदास सांस्कृतिक एकता न्यास और मां अहिल्या कल्याण बोर्ड के गठन को मंजूरी दी गई।

नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि कैबिनेट बैठक के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में तीन हजार की बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में ₹3,000 की बढ़ोतरी के बाद अब उन्हें प्रतिमाह ₹13,000 मानदेय मिलेगा। जबकि, आंगनवाड़ी सहायिकाओं के मानेदय में ₹750 की बढ़ोतरी के बाद उन्हें अब ₹5,750 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा।

इसके अलावा धार जिले में बरखेड़ा मध्यम सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी दी गई। इसकी लागत 478.88 करोड़ रुपए है। कैबिनेट बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना को लेकर जानकारी दी। साथ ही बताया कि आज संविदा कर्मचारियों की महापंचायत भी आयोजित की गई है, जिसमें अनेक निर्णय लिए जाएंगे।