कृषि मंत्री कंषाना के संरक्षण में चल रही नकली खाद की फैक्ट्री, पीसीसी चीफ पटवारी ने लगाए गंभीर आरोप

पटवारी ने आरोप लगाया कि मुरैना में नकली खाद की फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं और किसानों को ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी की शुरुआत मुरैना से हुई है।

Updated: Nov 15, 2026, 06:26 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश में नकली खाद के कारोबार को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुरैना में नकली खाद की फैक्ट्री संचालित होने और किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कृषि मंत्री को प्रदेश का सबसे बड़ा माफिया बताते हुए कहा कि नकली खाद, अवैध रेत उत्खनन और शराब के कारोबार को सत्ताधारी दल के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है।

पटवारी ने आरोप लगाया कि मुरैना में नकली खाद की फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं और किसानों को ठगा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खाद की कालाबाजारी की शुरुआत मुरैना से हुई है। इन फैक्ट्रियों के संचालन में कृषि मंत्री का सहयोग है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चंबल क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और अवैध शराब के कारोबार को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुरैना में इन अवैध गतिविधियों का बड़े पैमाने पर संचालन हो रहा है और भाजपा नेताओं का इन्हें संरक्षण प्राप्त है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में पर्ची के जरिए शराब बेची जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस कारोबार के पीछे कौन लोग हैं और किसके संरक्षण में यह सब चल रहा है।

पटवारी ने रीवा के भाजपा सांसद पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और नशे की हालत में उन्हें गालियां देते हैं। उन्होंने प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुरैना सहित कई जिलों में कलेक्टर और एसपी सरकार के नियंत्रण में नहीं हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकारी व्यवस्था को भ्रष्टाचार और अवैध कमाई का अड्डा बना रखा है।

गौरतलब है कि अक्टूबर में मुरैना के जेवराखेड़ा इलाके में पुलिस ने नकली डीएपी खाद की पैकिंग करने वाले एक ठिकाने पर कार्रवाई की थी। मौके से नकली खाद के बोरे और पैकिंग मशीन जब्त की गई थी। कृषि विभाग ने खाद के नमूने जांच के लिए लिए थे। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। जीतू पटवारी के इन आरोपों के बाद प्रदेश की राजनीति में नकली खाद, अवैध रेत उत्खनन और शराब के कारोबार को लेकर बहस तेज होने की संभावना है। आरोपों पर प्रदेश सरकार और संबंधित कृषि मंत्री की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।