सागर में जहरीली शराब से 19 मौतों के बाद जागा प्रशासन, ग्वालियर में 2600 लीटर इथेनॉल और नकली शराब जब्त

सागर शराब कांड के बाद ग्वालियर के मोहना में आबकारी विभाग ने छापेमारी कर 2600 लीटर इथेनॉल, शराब, पेट्रोल और थिनर जब्त किया है। 32 लाख के इस अवैध कारोबार से नकली शराब और मिलावटी पेट्रोल बनाया जा रहा था।

Updated: Sep 07, 2026, 06:30 PM IST

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से 19 लोगों की मौत के बाद अवैध शराब के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच ग्वालियर में बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग ने मोहना हाईवे स्थित एक मकान पर छापा मारकर 2600 लीटर इथेनॉल और 63 बल्क लीटर शराब जब्त की है। मौके से बड़ी मात्रा में पेट्रोल और थिनर भी मिला है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपए आंकी गई है।

आबकारी विभाग की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि मकान में इथेनॉल का इस्तेमाल कर अवैध रूप से शराब तैयार की जा रही थी। टीम को तलाशी के दौरान 20 ड्रम पेट्रोल और 18 ड्रम थिनर भी मिले। इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ मिलने के बाद मामले की जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।

यह भी पढ़ें:पति को जबरन रूसी सेना में भेज रहे, कानपुर के इंजीनियर की पत्नी ने सरकार से लगाई मदद की गुहार

जांच एजेंसियों को आशंका है कि यहां केवल अवैध शराब ही नहीं बनाई जा रही थी बल्कि पेट्रोल में थिनर और दूसरे ज्वलनशील पदार्थ मिलाकर मिलावटी पेट्रोल तैयार करने का काम भी किया जा रहा था। इसे मोहना हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को बेचे जाने की आशंका जताई गई है।

थिनर और पेट्रोल मिलने के बाद आबकारी विभाग ने संबंधित सामग्री पुलिस के सुपुर्द कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि यहां तैयार होने वाली शराब और कथित मिलावटी पेट्रोल की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इसके लिए कच्चा माल कहां से आता था।

जांच के दौरान सौरभ गुर्जर, अनिल शर्मा और अरबाज खान के नाम सामने आए हैं। वहीं, मोहना थाना पुलिस ने विक्की धानुक, पप्पी उर्फ अनिल शर्मा और अन्ना उर्फ अरुण शर्मा समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:भोपाल में MBBS इंटर्न्स का प्रदर्शन: सीएम हाउस मार्च के लिए अड़े, स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग

कार्रवाई में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि इसी स्थान पर करीब 11 महीने पहले भी अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। इसके बावजूद यहां दोबारा गतिविधियां शुरू हो गई। अब पुलिस और आबकारी विभाग यह भी जांच रहे हैं कि पिछली कार्रवाई के बाद उसी जगह पर अवैध कारोबार दोबारा कैसे शुरू हुआ। फिलहाल पुलिस शराब की सप्लाई चेन, इथेनॉल और दूसरे कच्चे माल के स्रोत के साथ इस पूरे कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।