हॉकी वर्ल्ड कप: पहली बार एक साथ होगी महिला-पुरुष टूर्नामेंट, 15 अगस्त से शुरू होगा महासंग्राम

15 अगस्त से बेल्जियम और नीदरलैंड में हॉकी वर्ल्ड कप 2026 शुरू होगा। पहली बार पुरुष और महिला टूर्नामेंट एक साथ खेले जाएंगे। 32 टीमें 50 मुकाबलों में खिताब के लिए भिड़ेंगी।

Updated: Aug 14, 2026, 11:36 AM IST

बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में हॉकी वर्ल्ड कप का आगाज 15 अगस्त से होगा। पहली बार पुरुष और महिला वर्ल्ड कप का आयोजन एक साथ किया जा रहा है। 16 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में 32 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 50 मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगी। जबकि, महिला टूर्नामेंट का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच होगा।

भारत और वेल्स के बीच पुरुषों का मुकाबला 15 अगस्त को दोपहर 4:30 बजे शुरू होगा। इससे पहले महिला वर्ल्ड कप का पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और जापान के बीच दोपहर 1:30 बजे खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दो वेन्यू पर आयोजित किए जाएंगे।

दोनों वर्गों में 16-16 टीमें उतरेंगी। ग्रुप स्टेज में टीमों को ए, बी, सी और डी नाम के चार ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में तीन मैच खेलेगी। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें अगले चरण में पहुंचेंगी।

कुल आठ टीमें क्रॉसओवर राउंड में प्रवेश करेंगी। इन्हें दो ग्रुप में बांटा जाएगा और यहां प्रत्येक टीम तीन मुकाबले खेलेगी। इन मैचों में टीमों का सामना उन विरोधियों से होगा। जिनसे ग्रुप चरण में उनका मुकाबला नहीं हुआ था। क्रॉसओवर चरण के बाद दोनों ग्रुप की शीर्ष दो-दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

इस बार टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल का चरण नहीं रखा गया है। महिला वर्ल्ड कप का फाइनल 29 अगस्त को होगा। जबकि, पुरुषों का खिताबी मुकाबला 30 अगस्त को रात 8 बजे खेला जाएगा। दोनों फाइनल के दिन तीसरे स्थान के लिए ब्रॉन्ज मेडल मैच भी आयोजित होंगे।

बेल्जियम पहली बार हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है। उसकी पुरुष टीम मौजूदा समय में दुनिया की नंबर-1 टीम है। नीदरलैंड इससे पहले भी विश्व कप का हिस्सा रहा है और पुरुष वर्ग में अब तक हुए हर वर्ल्ड कप में खेल चुका है।

पुरुष वर्ग में भारत, नीदरलैंड और स्पेन उन टीमों में शामिल हैं, जिन्होंने सभी वर्ल्ड कप में भाग लिया है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अर्जेंटीना ने 15-15 बार, पाकिस्तान ने 14 बार और बेल्जियम ने 8 बार पुरुष विश्व कप खेला है।

महिला वर्ग में नीदरलैंड, अर्जेंटीना और जर्मनी ने सभी वर्ल्ड कप खेले हैं। ऑस्ट्रेलिया 14, इंग्लैंड और स्पेन 13-13, चीन 10 और भारत 9 बार महिला वर्ल्ड कप में हिस्सा ले चुके हैं।

भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी हरमनप्रीत सिंह के हाथों में है। गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा संभालेंगे। डिफेंस में कप्तान हरमनप्रीत के साथ जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं।

मिडफील्ड में मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलाकंता शर्मा, राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालगे हैं। फॉरवर्ड लाइन में मंदीप सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा को जगह मिली है।

महिला टीम की कमान सलीमा टेटे संभालेंगी। गोलकीपर के तौर पर सविता पूनिया और बिशू देवी खरीबाम टीम में हैं। डिफेंस में ईशिका चौधरी, सुशीला चानु पुखरंबम, लालथंटलुआंगी, ज्योति और शिल्पी डबास शामिल हैं।

मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के अलावा निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग हैं। फॉरवर्ड में लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसाल, नवनीत कौर, दीपिका सहरावत, ईशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग को शामिल किया गया है।

हॉकी वर्ल्ड कप में विजेता टीम के लिए अलग से पुरस्कार राशि नहीं रखी गई है। FIH विश्व कप और प्रो लीग जैसे वैश्विक टूर्नामेंटों में विजेता व अन्य पदक विजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान करता है।