रीवा में कांग्रेस नेता अमित कोल की सरेराह हत्या, HDFC बैंक के पास तीन हमलावर ने मारा चाकू
मध्य प्रदेश के रीवा में मंगलवार रात कांग्रेस एसटी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अमित कोल की बदमाशों ने ताबड़तोड़ चाकू मारकर हत्या कर दी।
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में मंगलवार रात कांग्रेस अनुसूचित जनजाति (एसटी) प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित कोल की अज्ञात बदमाशों ने सरेराह चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शांति विहार स्थित HDFC बैंक के पास रात करीब 10 बजे हुई। गंभीर रूप से घायल अमित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जबकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है।
जानकारी के मुताबिक, अमित कोल रात में एक दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन हमलावर वहां पहुंचे और बिना किसी बहस या विवाद के उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से अमित संभल भी नहीं सके और कई वार लगने के बाद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें:कॉमनवेल्थ गेम्स: गुलवीर ने 10000 मीटर रेस में सिल्वर जीत रचा इतिहास, भारत के खाते में हुए 12 पदक
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोगों ने शोर मचाकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन भीड़ बढ़ती देख हमलावर अपनी दोनों मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पैदल फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल अमित को अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरुकरण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपियों द्वारा छोड़ी गई दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और उनके रजिस्ट्रेशन नंबर व अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
वारदात HDFC बैंक के नजदीक होने के कारण पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच टीम दुकानदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। जबकि, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास तेज कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें:भोपाल में जन्मदिन पर 12वीं की छात्रा ने लगाई फांसी, केक लेकर पहुंचीं सहेलियां तो फंदे पर लटका मिला शव
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता, व्यक्तिगत विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। एसपी डॉ. गुरुकरण सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं और जल्द पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
अमित कोल रीवा कांग्रेस के सक्रिय नेताओं में शामिल थे। वह कांग्रेस के एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष होने के साथ-साथ वार्ड क्रमांक-4 से पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुके थे। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। इस हत्याकांड ने अमित कोल के परिवार को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। उनके पिता मध्य प्रदेश पुलिस में पदस्थ हैं और वर्तमान में अनूपपुर जिले के राजेंद्रग्राम थाना प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं। 31 जुलाई को उनका सेवानिवृत्त होना है लेकिन रिटायरमेंट से महज तीन दिन पहले बेटे की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
यह भी पढ़ें:जापान के कुमामोटो में 6.8 तीव्रता का भूकंप, 48 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल, सुनामी की चेतावनी
घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। फिलहाल पुलिस तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




