भिंड सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल, इलाज के लिए ग्वालियर रेफर

भिंड के NH 92 पर वैन और अज्ञात वाहन की टक्कर, एक महिला समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत, 7 घायल, महाराष्ट्र से नेपाल जाते वक्त हुआ हादसा

Updated: Mar 05, 2021, 09:00 AM IST

Photo courtesy: ZEE
Photo courtesy: ZEE

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हैं। गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के ज्ञानेंद्रपुरा में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे नेशनल हाईवे 92 पर यह एक्सीडेंट हुआ। वैन सवार 11 लोग महाराष्ट्र से नेपाल की ओर जा रहे थे। मरने वालों में तीन पुरुष और एक महिला शामिल है। जबकि 5 पुरुष और दो महिलाएं गंभीर घायल हैं।

ये सभी यात्री नेपाल के सतुरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वैन सवार लोग महाराष्ट्र में चौकीदारी का काम करते थे। छुट्टी लेकर अपने नेपाल स्थित घर जा रहे थे। तभी उनकी ओमनी वैन को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। वैन में ग्यारह लोग सवार थे। लाल कलर की वैन को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि टक्कर कितनी तेज रही होगी। जिससे वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।

प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी मशक्त के बाद घायलों को वैन से निकाला जा सका। घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में दाखिल किया गया है। । पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।