राहुल गांधी के आवास पर कल दिवाली मिलन समारोह, दिग्विजय सिंह, अशोक गहलोत समेत जुटेंगे कांग्रेस के दिग्गज
कांग्रेस पार्टी का यह दिवाली मिलन समारोह वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन के बीच हो रहा है। ऐसे में त्योहार की मिठास के बीच सियासी मुद्दों और आगे की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी 6 नवंबर को अपने आधिकारिक आवास पर दिवाली मिलन समारोह की मेजबानी करेंगे। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, एआईसीसी पदाधिकारियों और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
दिग्विजय सिंह फिलहाल मध्य प्रदेश में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। यात्रा का पड़ाव 5 नवंबर को उनके गृह नगर राघौगढ़ पहुंचने के साथ पांच दिनों के लिए निर्धारित किया गया है। दिवाली अवकाश के बीच दिग्विजय सिंह कल दिल्ली जाएंगे और राहुल गांधी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनकी यात्रा 11 नवंबर से दोबारा शुरू होगी।
दिलचस्प बात यह है कि दिग्विजय सिंह जिस वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर पदयात्रा कर रहे हैं, वे दोनों मुद्दे कांग्रेस की राष्ट्रीय राजनीति में भी प्रमुखता से उठाए जा रहे हैं। राहुल गांधी लगातार एसआईआर के जरिए वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। वहीं, दिग्विजय सिंह अपनी यात्रा के माध्यम से राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे में पारदर्शिता तथा चंदा चोरी की जांच की मांग और वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं।
ऐसे में राहुल गांधी के आवास पर होने वाले इस दिवाली मिलन समारोह में इन मुद्दों पर पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा हो सकती है। हाल ही में कांग्रेस और विपक्षी दलों ने दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोरी के मुद्दे पर बड़ी रैली भी की थी। पार्टी आगामी संसद सत्र और देशव्यापी आंदोलन को लेकर भी अपनी रणनीति पर विचार कर सकती है।
कांग्रेस की ओर से इस आयोजन को त्योहार के अवसर पर नेताओं के आपसी मेल-मिलाप का कार्यक्रम बताया गया है। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच राहुल गांधी के आवास पर पार्टी के शीर्ष नेताओं का जुटना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




