डोली में बिठाकर SP की विदाई, सरकार ने किया तबादला तो सहकर्मियों ने सिर आंखों पर उठा लिया

शनिवार रात को साथी पुलिस अधिकारियों ने भिंड के एसपी मनोज कुमार सिंह को डोली में बैठाकर विदाई दी, मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में मनोज यादव का भिंड से भोपाल ट्रांसफर कर दिया है, जिसे लेकर कई लोग अर्जन पर उनकी कार्रवाई को वजह बता रहे हैं

Updated: Dec 05, 2021, 05:08 PM IST

भिंड। भिंड पुलिस महकमे ने अपने अधिकारी एसपी मनोज कुमार सिंह को अनूठे अंदाज़ में विदाई दी। भिंड से भोपाल ट्रांसफर किए जाने के बाद एसपी मनोज कुमार सिंह के साथियों ने उन्हें डोली में बैठाकर विदाई दी। इस दौरान पुलिस अधिकारी नाचते झूमते नज़र आए। 

हाल ही में मनोज कुमार सिंह का ट्रांसफर भोपाल किया गया है। शनिवार शाम को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह को विदाई देने के लिए उन्हें पहले सुनहरे रंग की डोली में बैठा दिया गया। इसके बाद एसपी मनोज सिंह की डोली उठाकर उन्हें घुमाना शुरू कर दिया। 

इस दौरान अपने साथियों के इस अनूठे अंदाज को देख मनोज सिंह काफी खुश नज़र आए। मनोज सिंह की डोली को देख स्थानीय लोग भी हैरत में पड़ गए। लेकिन जल्द ही उन्होंने भी खुद को मनोज कुमार सिंह की विदाई में शामिल कर लिया। 

पुलिस अधीक्षक की इस अनूठे विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो पर लोग तरह तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। लेकिन प्रमुख तौर पर मनोज सिंह का हालिया ट्रांसफर चर्चा का विषय बना हुआ है। 

दरअसल मनोज सिंह के ट्रांसफर ने शिवराज सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है। हाल ही में मनोज सिंह ने ही भिंड Amazon के ज़रिए हो रही गांजे की तस्करी को उजागर किया। जिसमें मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में अमेजन के जरिए हो रही तस्करी का भंडाफोड़ हुआ था। उन्हीं मनोज यादव को मध्य प्रदेश सरकार ने अब राजधानी आने का फरमान सुनाया है। शिवराज सरकार पर आरोप लग रहे हैं कि सरकार ने ई कॉमर्स कंपनी Amazon के दबाव में आ कर पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह का तबादला किया है।