पत्नी का पति पर संगीन आरोप, कहा तलाक के लिए वायरल किया अश्लील वीडियो

महिला का कहना है कि उसके पति किसी और से प्रेम करता है और तलाक़ देना चाहता है, बदनाम करने के लिए उसका अश्लील वीडियो वायरल कर रहा है

Updated: Feb 11, 2021, 08:47 AM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

भोपाल। अरेरा कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय एक महिला ने हबीबगंज थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। पति ने उसके अश्लील वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं। जिससे उसका जीना दूभर हो गया है। महिला का कहना है कि उसका पति किसी और महिला से प्रेम करता है, उससे शादी करना चाहता है, इसलिए पत्नी को बदनाम कर रहा है ताकि आसानी से तलाक मिल सके।

दरअसल महिला नरसिंहपुर की रहने वाली है, उसकी ससुराल जबलपुर में है, पति भी जबलपुर में रहता है। लेकिन महिला की नौकरी भोपाल में है। वह किसी सरकारी विभाग में संविदाकर्मी के तौर पर काम करती है। पत्नी का कहना है कि उनकी अरेंज मैरिज 6 साल पहले हुई थी। शादी के 6 साल बाद भी उनकी कोई संतान नहीं है। महिला का आरोप है कि उसके पति का किसी और महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इससे चलते वह उसे लगातार बदनाम कर रहा है।

महिला ने पुलिस को बताया है कि शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ ठीक था। दोनों भोपाल और जबलपुर आते जाते रहते थे। लेकिन उसके बाद उसे दहेज के लिए तंग किया जाने लगा। हबीबगंज थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला ने शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि प्रताड़ित करने में उसके ससुराल वाले भी शामिल हैं। 

आरोपी पति अब पत्नी से तलाक लेकर प्रेमिका के साथ रहना चाहता है, इसलिए उसे बदनाम करने की हर चाल चल रहा है। महिला की शिकायत पर हबीबगंज पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, अश्लील वीडियो वायरल करने और धमकी देने के मामले में केस दर्ज कर लिया है, जल्द ही उसकी गिऱफ्तारी की जाएगी।