केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां का निधन, भोपाल एम्स में हफ्ते भर से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थीं
शिवराज सिंह चौहान की दूसरी मां काशीबाई का शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं और पिछले एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थीं।
भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई का आज शुक्रवार को निधन हो गया। काशीबाई केंद्रीय मंत्री शिवराज की दूसरी मां थीं। शुक्रवार सुबह भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे करीब 76 वर्ष की थीं और पिछले एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थीं। उन्हें सांस संबंधी बीमारी के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
परिजनों के मुताबिक स्वर्गीय काशीबाई का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे उनके पैतृक गांव जैत जिला सीहोर में किया जाएगा। काशीबाई के निधन की खबर के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। उन्हें शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था। मां के निधन के चलते अब वे इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा उनके आगे के सभी कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
शिवराज सिंह चौहान की पहली मां का नाम सुंदरबाई था। बचपन में ही उनका निधन हो गया था। इसके बाद बच्चों की देखभाल और लालन-पालन के लिए उनके पिता प्रेम सिंह चौहान ने काशीबाई से दूसरी शादी की थी। काशीबाई ने परिवार को संभाला और बच्चों का पालन-पोषण किया।
शिवराज सिंह चौहान के चार भाई-बहन हैं। इनमें नरेंद्र सिंह चौहान, शशि और रोहित सिंह चौहान शामिल हैं। वहीं, काशीबाई के एक बेटे वरुण सिंह चौहान हैं, जो पेशे से वकील हैं। काशीबाई भोपाल के साकेत नगर में निवासरत थीं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत खराब चल रही थी। सांस संबंधी परेशानी बढ़ने पर उन्हें एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया था, जहां एक सप्ताह तक उनका उपचार चला।
काशीबाई का पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। यहां परिजन, रिश्तेदार और शुभचिंतक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद पार्थिव शरीर को सीहोर जिले के जैत गांव ले जाया जाएगा। गांव में दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। जैत गांव शिवराज सिंह चौहान का पैतृक गांव है।
मां काशीबाई के निधन के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। शिवराज सिंह चौहान को शुक्रवार को रायसेन जिले में आयोजित किसान सम्मेलन में शामिल होना था। इस कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी प्रस्तावित थी, लेकिन परिवार में शोक के चलते अब वे सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। इसके अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री के आगे के अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।
मां के निधन पर शिवराज चौहान ने एक भावुक ट्वीट में लिखा, 'आज हमारे पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुःख और पीड़ा का दिन है। हमारी पूज्य माताजी श्रीमती काशी बाई जी हमें छोड़कर अनंत की यात्रा पर प्रस्थान कर गई हैं। माँ का जाना जीवन में एक ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। आज उनकी स्मृतियाँ मन को भावुक कर रही हैं। परमपिता परमेश्वर के श्रीचरणों में प्रार्थना है कि माताजी को अपने दिव्य धाम में स्थान प्रदान करें। पूज्य माताजी का अंतिम संस्कार दोहपर 03 बजे गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर में होगा।'




