केंद्र के बाद MP में DA-DR में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी, 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा फायदा

मध्य प्रदेश सरकार ने 12 लाख कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता (DA) 2% बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया है। जनवरी 2026 से प्रभावी इस बढ़ोतरी का 9 महीने का एरियर तीन किश्तों में मिलेगा।

Updated: Oct 30, 2026, 04:30 PM IST

मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के करीब 12 लाख सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला लिया है। इस बढ़ोतरी के बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा। नई दरें जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। जनवरी से सितंबर तक के 9 महीने के एरियर का भुगतान तीन समान मासिक किश्तों में किया जाएगा। वहीं, अक्टूबर के वेतन का भुगतान नवंबर में बढ़े हुए महंगाई भत्ते के साथ होगा।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर महीने के वेतन के साथ बढ़े हुए DA का नकद भुगतान नवंबर में किया जाएगा। पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी जो जुलाई 2026 से लागू होगी।

यह भी पढ़ें:भूटान में ग्लेशियर झील फटने से तबाही, भारत तक पहुंच सकता है पानी, 10 हजार लोग शिफ्ट किए गए

मध्य प्रदेश सरकार की इस घोषणा के बाद भी राज्य के कर्मचारी केंद्र सरकार के कर्मचारियों से महंगाई भत्ते के मामले में पीछे रहेंगे। दरअसल केंद्र सरकार ने बीते 28 अक्टूबर को केंद्रीय कर्मचारियों के DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया था। वहीं, मध्य प्रदेश में 2 प्रतिशत की वृद्धि के बाद कर्मचारियों को 60 प्रतिशत DA मिलेगा। 

महंगाई राहत में बढ़ोतरी को लेकर पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन भी लगातार मांग कर रहा था। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष आमोद सक्सेना ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, मुख्य सचिव और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर लंबित महंगाई राहत का भुगतान जल्द करने की मांग की थी। एसोसिएशन ने 1 जनवरी से 2 प्रतिशत और 1 जुलाई से 3 प्रतिशत महंगाई राहत बढ़ाने के आदेश जारी करने की मांग की थी। इस तरह पेंशनर्स के लिए कुल 5 प्रतिशत वृद्धि की मांग रखी गई थी। एसोसिएशन के संरक्षक गणेश दत्त जोशी का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत बेहद जरूरी है। यह बढ़ती कीमतों के असर को कम करने में आर्थिक सहारा देती है।