भोपाल में तीन मंजिला बिल्डिंग पर चला बुलडोजर, BJYM नेता के हत्यारोपी का घर गिराया
17 मई की शाम भाजयुमो के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा की भोपाल सेंट्रल जेल के बाहर हत्या कर दी गई थी। इस केस में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
भोपाल। मध्य प्रदेश में बुलडोजर न्याय जारी है। राजधानी भोपाल में शनिवार को एक मुस्लिम युवक का तीन मंजिला मकान गिरा दिया गया। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने पंचशील नगर में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। एक दिन पहले आरोपी की दुकान भी सील की गई थी।
बता दें कि 17 मई की शाम भाजयुमो के मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा की भोपाल सेंट्रल जेल के बाहर हत्या कर दी गई थी। इस केस में अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। जिस आरोपी तंजील खान का आज मकान गिराया गया, वह फिलहाल फरार है।
हालांकि, मर्डर केस में पुलिस ने शुरू में तंजील को आरोपी नहीं बनाया था। दूसरे दिन 18 मई को पोस्टमॉर्टम के बाद दोपहर 1 बजे शव को परिजन ने लिंक रोड नंबर दो पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन कहना था कि मर्डर केस में तंजील और भूरा हड्डी को भी नामजद किया जाए। बाद में पुलिस ने उनका नाम भी शामिल किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या के वक्त तंजील मौके पर मौजूद भी नहीं था। लेकिन दबाव में आकर उसका नाम FIR में जोड़ा गया।