कर्नाटक में जीत पर भोपाल में जश्न, कांग्रेस बोली- मध्य प्रदेश में इससे भी बड़ी जीत होगी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी भोपाल में स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मनाया जश्न। जमकर हुई आतिशबाजी, जय सियाराम के नारे भी लगे।

Updated: May 13, 2023, 05:13 PM IST

भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज की है। कर्नाटक चुनाव नतीजों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस में भी जश्न का माहौल है। राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। इस दौरान जय सियाराम के नारे भी लगे। जबकि भाजपा मुख्यालय में दिनभर सन्नाटा छाए रहा।

पीसीसी मुख्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ता बजरंग बली की तस्वीर लेकर पहुंचे थे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ जय सियाराम और जय हनुमान के नारे लगाए। इस दौरान जमकर मिठाइयां भी बंटी। यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता ढ़ोल नगाड़ों की थाप पर भांगड़ा करते दिखे। उधर सतना में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर जश्न मनाते दिखे। 

इस दौरान कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि कर्नाटक की जीत देश के नागरिकों की जीत है।‌ वहीं कांग्रेस प्रवक्ता आनंद जाट ने कहा कि, 'कांग्रेस को जिस तरह से कर्नाटक की जनता ने जनादेश दिया है। उसकी गूंज मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सुनाई दे रही है। मध्य प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में हम इससे भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे।' कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि हिमाचल और कर्नाटक में भाजपा घुस गई फाटक में।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'कर्नाटक की जनता ने लोकतंत्र की हत्यारी बीजेपी को नकार दिया है। कर्नाटक की जनता ने बता दिया है कि बजरंग दल और बजरंग बली एक नहीं हैं। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जीत इससे भी बड़ी होगी।जय कांग्रेस, विजय कांग्रेस।' वहीं, पीसीसी चीफ कमलनाथ ने लिखा कि, 'कर्नाटक की जीत ने दिखा दिया है कि जनता सच्चाई का साथ देती है। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में प्रचंड बहुमत से जीत के बाद तय है कि मध्य प्रदेश में भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। सौदेबाजी की राजनीति समाप्त होगी। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अब मध्यप्रदेश के लिए अपनी कमर कस ले।'

इससे पहले अनुपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि कर्नाटक में कोई सिंधिया नहीं है। कर्नाटक में कांग्रेस ही मजबूत है। अब हमारे पास भी कोई सिंधिया नहीं है। कर्नाटक जीत से दक्षिण भारत में बीजेपी का सफाया हो गया है। आने वाले समय में मध्य प्रदेश में चुनाव होना है और फिर सेंट्रल इंडिया में भी बीजेपी का सफाया हो जाएगा। इस बार मध्य प्रदेश में हम इतनी सीटें लेकर आएंगे कि, जोड़-तोड़ की गुंजाइश ही ना रह जाए।'

दरअसल, कर्नाटक के बाद अगला चुनाव मध्य प्रदेश में ही होना है इस लिहाज से कर्नाटक के नतीजों मे मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोश भर दिया है। बता दें कि कर्नाटक में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस शनिवार को जारी मतगणना के परिणाम के अनुसार 113 के जादुई आंकड़े को पार कर चुकी है। कांग्रेस राज्य में अपने दम पर सरकार बनाती नजर आ रही है। अब तक के परिणाम में कांग्रेस 129 सीट पर जीत चुकी है और 9 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी ने 61 सीटों पर जीत हासिल की है और 3 सीट पर आगे चल रही है।