कांग्रेस का हाथ, किसानों के साथ, विधानसभा परिसर में कांग्रेस का मौन प्रदर्शन

भोपाल के विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायकों ने किया मौन प्रदर्शन, हाथ में ट्रैक्टर लेकर किया कृषि कानूनों का विरोध

Updated: Dec 28, 2020, 07:46 PM IST

भोपाल। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ की अगुवाई में कांग्रेस ने विधानसभा परिसर में गांधी प्रतिमा के सामने मौन प्रदर्शन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक मौजूद थे। इस दौरान पीसी शर्मा, कांतिलाल भूरिया, एनपी प्रजापति, सज्जन सिंह वर्मा, जयवर्धन सिंह, सुखदेव पांसे,सचिन यादव, विजय लक्ष्मी साधौ समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस विधायक मौजूद थे। सभी ने प्रतीकात्मक ट्रैक्टर हाथों में थाम रखे थे।

कांग्रेस ने मौन प्रदर्शन द्वारा बीजेपी सरकार के लाए तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानो के आंदोलन का समर्थन किया। इस सांकेतिक मौन धरने के दौरान सभी कांग्रेसी विधायक हाथों में छोटे-छोटे ट्रैक्टर के मॉडल लिए हुए थे। नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने कहा कि किसानों के समर्थन में कांग्रेस का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। कांग्रेस हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है। 

और पढ़ें: 28 नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली, प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने दिलाई शपथ

गौरतलब है कि आज कांग्रेस का 136 वां स्थापना दिवस है। इस मौके पर राजधानी भोपाल समेत प्रदेश भर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।