छतरपुर में दलित महिला को लाठियों से पीटा, बरम देव के चबूतरे पर मत्था टेकने की दी सजा

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, फिलहाल आरोपी गिरफ्त से बाहर है।

Updated: Oct 28, 2022, 12:20 PM IST

छतरपुर। मध्य प्रदेश में दलित-आदिवासियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। दमोह में दलित परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के बाद अब छतरपुर में दलित महिला के साथ अत्याचार का मामला सामने आया है। यहां दलित महिला को लाठियों से बेरहमी से पीटा गया।

मामला छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र के कोंडन गांव का है। पुलिस ने बताया कि गांव में एक चबूतरा बना है। जिसे बरम देव के चबूतरे के नाम से जाना जाता है। बुधवार रात गांव में ही रहने वाली 28 वर्षीय उषा अहिरवार आईं और वह बरम देव के चबूतरे की एक सीढ़ी चढ़ कर वहां मत्था टेकने लगी।

दलित महिला चबूतरे पर चढ़कर मत्था टेक रही है, यह बात वहां मौजूद बबलू पटेल को नागवार गुजरी। मौके पर ही उसने महिला को जाति सूचक शब्द कहते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बबलू ने उसे लाठियों से बेरहमी से पीटा। उषा को कमर और सीने में गंभीर चोटें भी आई हैं। गांव वालों ने बीचबचाव किया और महिला को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

यह भी पढ़ें: बैनर-पोस्टर के लिए अवैध वसूली कर रहे BJP MLA रामेश्वर शर्मा, RSS कार्यकर्ता का बेनाम पत्र वायरल

घटना को लेकर गांव में रहने वाले दलित समुदाय के लोगों में खासी नाराजगी है। कोंडन गांव के लोगों ने बताया कि उषा पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। उसे इस बात का शक था कि उसके ऊपर कोई जादू-टोना करा रहा है। इसी के चलते वह वहां मत्था टेकने गई हुई थी।

मामले पर बमिठा थाना प्रभारी अरविंद सिंह दांगी ने बताया कि आरोपी बबलू पटेल के खिलाफ एससीएसटी एक्ट अलावा विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है। सिंह ने आरोपी बबलू पटेल को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।