राघौगढ़-चांचौड़ा में BSNL उपभोक्ता सेवा केंद्र खोलने की मांग, दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने बताया कि राघौगढ़ और चांचौड़ा के उपभोक्ताओं को सिम बदलवाने, शिकायत दर्ज कराने, बिल भुगतान करने और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है।

Updated: Mar 25, 2026, 05:02 PM IST

भोपाल। राज्यसभा सांसद व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुना जिले के राघौगढ़ और चांचौड़ा क्षेत्र के लोगों की समस्या को लेकर केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा है। उन्होंने इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में BSNL उपभोक्ता सेवा केंद्र (CSC) फिर से शुरू कराने की मांग की है।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया को संबोधित पत्र में दिग्विजय सिंह ने लिखा है कि राघौगढ़ और चांचौड़ा में BSNL के उपभोक्ता सेवा केंद्र लंबे समय से बंद पड़े हैं। इसके कारण यहां के उपभोक्ताओं को सिम बदलवाने, शिकायत दर्ज कराने, बिल भुगतान करने और अन्य जरूरी सेवाओं के लिए काफी दूर जाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस समस्या से सबसे ज्यादा परेशानी वरिष्ठ नागरिकों, किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को हो रही है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में BSNL की सेवाएं अभी भी बड़ी संख्या में लोग इस्तेमाल करते हैं, ऐसे में सेवा केंद्र बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

दिग्विजय सिंह ने पत्र में यह भी लिखा है कि BSNL हमेशा ग्रामीण क्षेत्रों में सस्ती और भरोसेमंद दूरसंचार सेवाएं देने में अहम भूमिका निभाता रहा है, लेकिन राघौगढ़ और चांचौड़ा में सेवा केंद्र बंद रहने से इन सेवाओं की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से मांग की है कि दोनों जगहों पर BSNL उपभोक्ता सेवा केंद्रों को जल्द से जल्द फिर से शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके और उन्हें छोटी-छोटी सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़े।