मंत्री रामनिवास रावत से BJP महामंत्री के नाम से मांगे रुपए, उपचुनाव में लोगों की व्यवस्था करने का दिया झांसा

आरोपी ने खुद को भाजपा का राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डी. संतोष का पीएस बताया। फ्रॉड का शक होने पर रावत ने 19 जुलाई को भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से शिकायत की।

Updated: Jul 27, 2024, 12:25 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में फ्रॉड की नई-नई तरह की घटनाएं सामने आ रही है। कांग्रेस से पाला बदलकर बीजेपी में आए मंत्री रामनिवास रावत तक से फ्रॉड की कोशिश की गई। एक शख्स ने उनसे 5 लाख रुपए की डिमांड कर दी। उसने खुद को भाजपा का राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डी. संतोष का पीएस बताया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी ने कहा कि विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में आपके लिए काम करने वाले लोगों की व्यवस्था करना है। फ्रॉड का शक होने पर रावत ने 19 जुलाई को भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से इसकी शिकायत कर दी। क्राइम ब्रांच पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया। 

बताया जा रहा है कि आरोपी मध्य प्रदेश का ही रहने वाला है। मंत्री रावत ने शिकायत में पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले मोबाइल नंबर 9285127561 से कॉल आया था। कॉलर ने खुद को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डी. संतोष का पर्सनल सेक्रेटरी बताया। रावत ने बताया कि कॉलर ने किसी अन्य शख्स से भी बात कराई। उसने खुद को भाजपा का संगठन महामंत्री डी. संतोष बताया। वह धीरे-धीरे गंभीर आवाज में बात कर रहा था।