MP में आफत की बारिश, झाबुआ में तालाब फूटने से 8 लोग बहे, बड़वानी में नहर फूटने से हाईवे बंद

झाबुआ के बहादुरपाड़ा गांव का तालाब फूटने से 8 लोग पानी में बह गए। पुलिस ने 2 लोगों के शव बरामद किए बाकी लोगों की तलाश की जा रही है।

Publish: Sep 17, 2023, 04:33 PM IST

भोपाल। प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी है। कई हिस्सों में बारिश अब मुसीबत का रूप ले चुकी है। प्रदेश की बड़ी नदियां उफान पर हैं। जिससे कई गांवों में पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते झाबुआ में बड़ा हादसा हो गया। यहां बहादुरपाड़ा गांव स्थित तालाब बारिश के कारण टूट गया जिसमें गांव के 8 लोग वह गए। प्रशासन ने अभी तक 2 लोगों के शव बरामद किए हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है। वहीं बड़वानी के सजवानी गांव में नहर फूटने से गांव में पानी आ गया और स्टेट हाईवे भी बंद हो गया।

शनिवार देर रात झाबुआ में तालाब फूटने के बाद से प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। मोटर वोट की मदद से दो लोगों के शव अभी तक खोज लिए गए हैं। 6 अन्य लोगों की खोजबीन जारी है। एसडीआरऍफ़ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से घटना स्थल के आसपास काफी दूर तक टीम ने लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है। 

बड़वानी के सजवानी गांव में इंदिरा सागर नहर फूटने से पानी घरों-खेतों में भर गया। रोड तक पानी आने से बड़वानी-सेंधवा स्टेट हाईवे पर यातायात बंद हो गया। जिससे गांव का सम्पर्क मुख्य सड़क से टूट गया। जिस कारण गांव के लोगों तक प्रशासन की मदद नहीं पहुंच रही है। ग्रामीणों ने नहर के घटिया निर्माण पर नाराजगी व्यक्त की।

प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी बारिश के कारण तबाही का मंजर पसरा हुआ है। इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, सिवनीमालवा, बड़वानी, बैतूल में भी हालत खराब हैं। क्षिप्रा,नर्मदा,चंबल,बेतवा, शिवना नदी उफ़ान पर हैं। इन नदियों के आसपास बसे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। धार में नर्मदा नदी का पानी गांवों में घुसा जिसके बाद गांववालों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है। 

मौसम विभाग ने साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने की बात कही है। जिसके चलते अभी प्रदेश के 2 दर्जन से अधिक जिलों में भारी बारिश होगी। 18 सितंबर से 22 के बीच इन जिलों में तेज बारिश होगी। इसके बाद यह सिस्टम गुजरात की तरफ बढ़ जाएगा।