MP: पतंजलि गाय का घी खाने के लिए असुरक्षित, खाद्य विभाग ने बिक्री पर लगाई रोक
छिंदवाड़ा के तामिया में पतंजलि घी का सैंपल लैब टेस्ट में असुरक्षित मिला। दीपावली से ठीक पहले खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बैच को बाजार से रिकॉल करने के आदेश दिए।
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान पतंजलि घी का एक बैच असुरक्षित पाया गया है। तामिया की एक किराना दुकान से लिए गए 200 एमएल पैक के नमूने की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने संबंधित बैच को बाजार से वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई दीपावली से पहले मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच की गई है। विभाग ने संबंधित उत्पाद की बिक्री रोकने और बाजार में उपलब्ध स्टॉक वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
विभागीय जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा जांच दल ने बीते 10 अगस्त को तामिया स्थित अनिल किराना दुकान से पतंजलि काउ घी का नमूना लिया था। यह 200 एमएल का पैक था जिसकी पैकिंग अप्रैल 2026 में हुई थी। उत्पाद का बैच नंबर FAWB260017 है। प्रयोगशाला में जांच के बाद नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया। जिसके आधार पर विभाग ने संबंधित बैच के खिलाफ कार्रवाई की।
यह भी पढ़ें:उज्जैन में सीवरेज की समस्या से लोग परेशान, अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे BJP नेता
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक ने बीते 8 अक्टूबर को संबंधित बैच को वापस लेने के लिए आदेश जारी किया था। इसके तहत बाजार में मौजूद इस बैच के उत्पाद की बिक्री रोकने और उपलब्ध स्टॉक वापस मंगाने की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई केवल तामिया की उस दुकान तक सीमित नहीं रहेगी जहां से नमूना लिया गया था। विभाग के निर्देशों के अनुसार, संबंधित बैच की आपूर्ति मध्यप्रदेश के जिन क्षेत्रों या अन्य स्थानों पर हुई है वहां भी उत्पाद वापस लेने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इसके लिए यह पता लगाया जाएगा कि घी किन-किन दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचा था।
इस मामले में उत्पाद की वापसी यानी रिकॉल की जिम्मेदारी पतंजलि फूड्स लिमिटेड को सौंपी गई है। कंपनी के स्तर पर बाजार में उपलब्ध संबंधित बैच को वापस लेने की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, छिंदवाड़ा जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी इस कार्रवाई की निगरानी करेंगे ताकि दुकानों पर मौजूद स्टॉक की वापसी सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़ें:वोट चोरी के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, राजघाट पहुंचकर विपक्षी सांसदों ने बापू को दी श्रद्धांजलि
कार्रवाई के संबंध में खाद्य एवं औषधि प्रशासन महाराष्ट्र को सूचना भेजी गई है। इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) भी पत्र के माध्यम से मामले से अवगत कराया गया है। संबंधित एजेंसियों को उत्पाद और उसके बैच की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है।
त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिले में दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रहा है। इस अभियान के तहत अलग-अलग खाद्य उत्पादों के नमूने लेकर प्रयोगशाला में उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। तामिया में घी के नमूने पर हुई कार्रवाई भी इसी जांच अभियान का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें:भोपाल के न्यू मार्केट में लगी भीषण आग, 25 फीट ऊंची लपटें उठीं, चपेट में आई 6 दुकानें




