CEC के विरोध में विपक्ष का तीसरे दिन भी प्रदर्शन, गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए INDIA ब्लॉक के सांसद

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम राजघाट जा रहे हैं, जहां बापू से प्रार्थना करेंगे कि सरकार को सद्बुद्धि दें।

Updated: Oct 08, 2026, 03:57 PM IST

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में विपक्ष गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन कर रहा है। कनॉट प्लेस के मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सभी सांसदों के साथ गांधी स्मारक जा रहे हैं, जहां बापू से प्रार्थना करेंगे कि सरकार को सद्बुद्धि दें।

राहुल-प्रियंका गांधी कई विपक्षी सांसदों के साथ राजघाट रवाना हो गए हैं। राजघाट पर पहले से कई कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। भारी पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस ने यहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है यानी 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी है।

राजघाट के लिए रवाना होने से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "हम इंडिया गठबंधन के सभी सासंद गांधी स्मारक जा रहे हैं जहां पर हम धरना करेंगे और शांतिपूर्वक तरीके से बैठकर वहां पर हम यही प्रार्थना करेंगे कि भाजपा सरकार, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को सद्बुद्धि दें। वो जो कर रहे हैं वो देश के हित में नहीं है।'

खड़गे ने आगे कहा कि वोट चोरी का मामला हो या फिर देश में आज जो बढ़ती हुई महंगाई है, युवा की समस्या है और जो समस्या उन्होंने खड़ी की है; वो जनता के विरोध में है। इसलिए हम गांधी जी के स्मारक पर जाकर प्रार्थना करेंगे कि आपकी दिलाई आजादी को ये लोग छीन रहे हैं और खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे वोट के अधिकार को छीन रहे हैं।

वहीं, राहुल गांधी ने कहा कि हमारे साथ 300 से ज्यादा सांसद हैं। हम लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहते हैं। जिन्होंने संविधान को नष्ट किया है, उन पर कार्रवाई होगी। वहीं, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि हम चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन हमें उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई। भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से देश में चुनाव हो रहे हैं।