वोट चोरी के खिलाफ MP कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने दोहराई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे से अंबेडकर प्रतिमा तक मार्च निकाला।

Updated: Oct 09, 2026, 12:23 PM IST

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में विपक्ष देशभर में प्रदर्शन कर रहा है। कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहे से अंबेडकर प्रतिमा तक मार्च निकाला। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि जनता से वोट देने के अधिकार छिन लिए गए हैं।

बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बुधवार शाम कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी की। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सड़क पर बैठ गए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जब तक इस्तीफा नहीं होता, पार्टी चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन जारी रखेगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर ब्लैक स्प्रे करने का प्रयास कर रहे NSUI कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। 

बोर्ड ऑफिस चौराहे पर कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर बैठने को लेकर सवाल पूछे जाने पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमें जनता के हित के लिए सड़क पर बैठना पड़ रहा है। जनता के जो अधिकार छीन लिए गए हैं उन्हें वापस दिलाने के लिए हम प्रदर्शन कर रहे हैं।

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी में अगर थोड़ी भी संवेदनशीलता है तो ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं होगा तो लोकतंत्र सर्वाइव नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव ही हर सफल लोकतंत्र की बुनियाद है। वहीं, पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि ये कोई राजनीतिक लड़ाई नहीं है, बल्कि अधिकार की लड़ाई है। ये वोट बचाने की लड़ाई है।