वोट चोरी के खिलाफ INDIA गठबंधन का प्रदर्शन, राजघाट पहुंचकर विपक्षी सांसदों ने बापू को दी श्रद्धांजलि
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR के विरोध में विपक्षी सांसदों का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। सभी सांसदों ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में दिल्ली में विपक्ष का प्रदर्शन गुरुवार को लगातार तीसरे दिन जारी रहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत INDIA ब्लॉक के कई सांसद कनॉट प्लेस में लंच के बाद बसों से राजघाट पहुंचे। यहां विपक्षी नेताओं ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी और शांतिपूर्ण धरना दिया।
राजघाट रवाना होने से पहले विपक्षी सांसदों ने कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में लंच किया था। इसके बाद राहुल और प्रियंका गांधी समेत कई सांसद बसों से राजघाट के लिए निकले। राजघाट के मुख्य गेट पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी और समर्थक मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के कारण नेताओं को पिछले गेट की ओर से बाहर निकाला गया। राजघाट पहुंचने के बाद राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों ने बापू को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान राहुल गांधी करीब एक घंटे तक इंतजार करते रहे और कुछ समय बस में ही बैठे रहे थे।
राहुल गांधी ने प्रदर्शन को लेकर कहा कि विपक्ष करीब 300 सांसदों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से धरना देना चाहता है लेकिन उन्हें लगातार रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके लोगों के साथ मारपीट की गई। राहुल ने कहा कि पहले दिन चुनाव आयोग के कार्यालय के पास उन्हें रोका गया और दूसरे दिन जंतर मंतर जाने से रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें:भोपाल के न्यू मार्केट में लगी भीषण आग, 25 फीट ऊंची लपटें उठीं, चपेट में आई 6 दुकानें
राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मिलकर देश को हाईजैक किया है। उन्होंने उन पर संविधान को नुकसान पहुंचाने और वोट चोरी करने का भी आरोप लगाया। ये आरोप राहुल गांधी ने अपने राजनीतिक विरोधियों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगाए हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सांसद राजघाट जाकर शांतिपूर्ण तरीके से धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वे महात्मा गांधी से प्रार्थना करेंगे कि सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि मिले। खरगे ने वोट के अधिकार, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्रदर्शन का कारण बताया। खरगे ने कहा कि गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने देश को आजादी दिलाई थी और अब विपक्ष का आरोप है कि बीजेपी सरकार लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इन मुद्दों को जनता के सामने उठाना चाहता है और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहता है।
यह भी पढ़ें:इंदौर में फर्जी डिग्री से नौकरी पाने वाले 51 शिक्षकों पर होगी FIR, शिवराज के कार्यकाल में हुई थी नियुक्ति
इससे पहले बुधवार को विपक्षी सांसद जंतर मंतर की ओर बढ़े थे लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। जिसके बाद विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को प्रदर्शन का स्थान बदलकर राजघाट कर दिया। राजघाट पर कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे और वहां नारेबाजी कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। विपक्षी दलों का कहना है कि उनका प्रदर्शन SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर है।




