भोपाल के न्यू मार्केट में लगी भीषण आग, 25 फीट ऊंची लपटें उठीं, चपेट में आई 6 दुकानें

भोपाल के न्यू मार्केट में छोले भटूरे बनाते समय अचानक भीषण आग लग गई। 25 फीट ऊंची उठती लपटों के बीच दुकान में मौजूद करीब 60 लोगों ने भागकर जान बचाई।

Updated: Oct 08, 2026, 05:06 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर छोले भटूरे की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की कई दुकानों और रेहड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठती दिखाई दी थी। जबकि, घना धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर से नजर आया था। हादसे के वक्त दुकान के अंदर करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे जिन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग पर काबू पाने के लिए 15 से ज्यादा फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग छोले-भटूरे की दुकान में खाना तैयार करते समय लगी थी। प्रत्यक्षदर्शी निलेश पाटिल ने बताया कि वह खाना खाने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। छोले भटूरे तलने के दौरान अचानक आग भड़क उठी थी। देखते ही देखते ऊपर लगा बैनर भी आग की चपेट में आ गया और लपटें तेजी से फैलने लगी। आग इतनी विकराल हो गई कि कुछ समय के लिए दुकान से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया था। निलेश ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और इसके बाद अपनी गाड़ी वहां से हटाई।

यह भी पढ़ें:इंदौर में फर्जी डिग्री से नौकरी पाने वाले 51 शिक्षकों पर होगी FIR, शिवराज के कार्यकाल में हुई थी नियुक्ति

आग की शुरुआत के बाद लपटें आसपास की दुकानों तक पहुंच गई थी। दो मोबाइल शॉप के अलावा बर्तन और कपड़े के शोरूम भी प्रभावित हुए थे। आग ने करीब 5 से 6 दुकानों के साथ आसपास खड़ी 10 से 12 रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया था। आग फैलते ही दुकानों में मौजूद लोग बाहर की ओर भागने लगे थे। कुछ ही देर में पूरे न्यू मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग को फैलने से रोकने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। 15 से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर पानी डाला गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, दुकान से बाद में भी धुआं निकलता रहा। 

आग की चपेट में आई दुकान के ठीक पास खेड़ापति हनुमान मंदिर भी है। हालांकि, मंदिर और आग के बीच बनी दीवार के कारण मंदिर को आग से बचा लिया गया। आग की ऊंची लपटों और धुएं को देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और काफी देर तक वहां दहशत का माहौल बना रहा। हादसे के दौरान न्यू मार्केट में मौजूद अतिक्रमण भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आया। दुकानों के बाहर और सड़क के आसपास सामान तथा अन्य अतिक्रमण होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में परेशानी हुई। इससे राहत और बचाव अभियान में देरी हुई और शुरुआती दौर में आग तेजी से फैलती गई।

यह भी पढ़ें:तबीयत ठीक नहीं, बेचैनी हो रही है, मौत से ठीक पहले नाना पाटेकर ने दोस्त को भेजा था मैसेज

घटना के बाद विधायक भगवानदास सबनानी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि न्यू मार्केट में हुई यह घटना अतिक्रमण को लेकर एक बड़ा सबक है। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी ताकि आपात स्थिति में दमकल और अन्य राहत दलों को बिना रुकावट घटनास्थल तक पहुंचाया जा सके और भविष्य में इस तरह के हादसों में नुकसान कम किया जा सके।