Eid Ul Fitr 2024: देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही ईद, भोपाल के ताज-उल-मसाजिद में उमड़ी नमाजियों की भीड़

भोपाल में गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच सबसे पहले सुबह सात बजे ईदगाह मस्जिद में ईद के मौके पर विशेष नमाज अता की गई।

Updated: Apr 11, 2024, 09:24 AM IST

देशभर में एकता और भाईचारे का प्रतीक ईद त्‍योहार हर्ष और उल्लास से मनाया जा रहा है। लोग मस्जिदों में जाकर नमाज अता कर रहे हैं। साथ ही गले मिलकर एक दूसरे को बधाई भी दे रहे हैं। लाखों बंदे रब की बंदगी में सजदा कर रहे हैं। मुल्क की तरक्की और खुशहाली के साथ चैन-अमन की सामूहिक रूप से दुआ मांग रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी ईद की धूम है।

भोपाल में गुरुवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच सबसे पहले सुबह सात बजे ईदगाह मस्जिद में ईद के मौके पर विशेष नमाज अता की गई। इस दौरान ईद मिलन कार्यक्रम भी हुआ। यहां पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और नमाज अता करने के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर ईद पर्व की मुबारकबाद दी।

ईदगाह के बाद जामा मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, ताजुल मसाजिद में सुबह 7.30 बजे और मोती मस्जिद में सुबह 7.45 बजे ईद की नमाज अता की गई। इसके बाद शहर की अन्य मस्जिदों में नमाज अदा करने का सिलसिला जारी है। 

ताज-उल-मसाजिद में तक़रीर में हिन्दू मुस्लिम एकता पर ज़ोर दिया गया। मसजिद के इतिहास पर भी बात की गई। इसके बाद बंदों ने गले मिलकर ईद मुबारक कहा। ईद से पहले बुधवार देर रात तक भोपाल के बाजारों में भीड़ देखने को मिली। चौक बाजार, इब्राहिमपुरा, नदीम रोड, लखेरापुरा, इतवारा, बुधवारा के अलावा जहांगीराबाद और काजी कैंप में भीड़ बढ़ गई। बारिश और तेज हवा के बावजूद लोग खरीदारी करते दिखे।