हमीदिया अस्पताल में फिर शुरू हुआ कर्मचारियों का प्रदर्शन, सेवा समाप्ति का लेटर मिलने से भड़के कर्मचारी
कोविड महामारी के दौरान हुई थी नियुक्ति, संकट काल में सेवा देने वाले कर्मचारियों को हमीदिया से निकालने की तैयारी, गुरुवार सुबह से अस्पताल में शुरू हुआ हड़ताल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में एक बार फिर कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह से वार्ड बॉय और लैब टेक्नीशियन धरने पर बैठे हैं। दरअसल, हॉस्पिटल मैनेजमेंट 400 कर्मचारियों को हटाने की तैयारी में है। 50 से अधिक कर्मचारियों को इस महीने की 20 तारीख तक सेवा समाप्ति के लेटर दिए जा चुके हैं। इसके विरुद्ध अब प्रदर्शन शुरू हो गया है।
प्रदर्शन करने वालों में वार्ड बॉय, लैब टेक्नीशियन और कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। इसके चलते गुरुवार सुबह से ही हमीदिया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही है। कर्मचारी लगातार अस्पताल परिसर में नारेबाजी कर रहे हैं। हड़ताल में वार्ड बॉय और लैब टेक्नीशियन सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
इससे पहले, जीएमसी ने इसे लेकर मैनेजमेंट में एक निजी कंपनी को लेटर जारी किया था। बताया जा रहा है कि निकाले जा रहे ये वही कर्मचारी हो सकते हैं, जिनकी नियुक्ति कोविड महामारी के दौरान हुई थी। संकट काल में अपनी जान की परवाह किए बगैर उन्होंने लोगों की सेवा की थी। लेकिन अब उन्हें ही हटाया जा रहा है।
डीन कविता एन. सिंह ने पहले कहा था कि शासन से स्वीकृत पदों के मुकाबले हमीदिया में 400 कर्मचारी अधिक हैं। वर्तमान में शासन द्वारा स्वीकृत पदों के आधार पर ही निर्णय लिया जाएगा। बता दें कि सैलरी को लेकर हमीदिया अस्पताल के 500 से अधिक वार्ड बॉय महीने भर में पहले ही दो बार हड़ताल कर चुके हैं। अस्पताल में रोजाना 2500 से अधिक मरीज ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) में आते हैं और 60 से अधिक ऑपरेशन किए जाते हैं।