प्रसिद्ध कबीर भजन गायक प्रहलाद टिपानिया सड़क हादसे का शिकार, कार को पीछे से आ रही पिकअप ने मारी टक्कर

पद्मश्री भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया मंगलवार सुबह देवास के मक्सी रोड पर सड़क हादसे का शिकार हो गए। वह कार से राजस्थान जा रहे थे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

Updated: Aug 02, 2023, 07:03 AM IST

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले में विश्व प्रसिद्ध कबीर भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया सड़क हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि पद्मश्री टिपानिया की कार को पीछे से आ रहे पिकअप ने टक्कर मार दी। इस हादसे में प्रहलाद टिपानिया सहित परिवार के 4 लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पद्मश्री सम्मानित कबीर भजन गायक प्रहलाद सिंह टिपानिया परिवार के साथ इंदौर से अपने गांव जा रहे थे। कार में 5 लोग सवार थे. शहर के बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र के मक्सी रोड़ में एक तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। कार में सवार सभी लोगों को चोटें आई है।

हादसे की सूचना मिलते ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी मौके पर पहुंचे और सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने सभी को प्राथमिक उपचार दिया। टिपानिया को कंधे में चोट लगी है। कार में 5 लोग सवार थे जिसमें से प्रहलाद सिंह टिपानिया, उनका पोता हिमांशु, दूसरा पोता मयंक, भतीजा धर्मेंद्र सभी मामूली रुप से घायल हुए हैं। हादसे में कार पुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

बता दें कि प्रहलाद सिंह टिपानिया साल 2019 में देवास सीट से कांग्रेस की टिकट पर लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। टिपानिया को मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 2005 में शिखर सम्मान, 2007 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और केंद्र सरकार द्वारा 2011 में पद्म श्री से अलंकृत किया गया है।