खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं, राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने पर बोले राघव चड्ढा
राघव चड्ढा को राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने वीडियो जारी किया। चड्ढा ने कहा कि उन्हें खामोश किया गया है, वे हारे नहीं हैं। राघव ने सवाल उठाया कि जनहित के मुद्दे उठाना क्या अपराध है।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने को लेकर शुक्रवार को पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो में कहा कि मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। आम आदमी को ये मेरा संदेश है।
राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने पब्लिक के मुद्दे उठाए, इससे आम आदमी पार्टी को क्या नुकसान हुआ? वीडियो के आखिर में उन्होंने AAP को चेतावनी दी कि आवाज खामोश कराने वालों के सामने मैं सैलाब बनकर आऊंगा। हालांकि, राघव ने न तो पार्टी के किसी नेता का नाम लिया और न ही पार्टी छोड़ने या आगे की रणनीति को लेकर कुछ कहा।
वीडियो संदेश में राघव चड्ढा ने सीधे तौर पर आम आदमी पार्टी के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा, 'जब-जब मुझे संसद में बोलने का मौका मिला, मैंने आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाए। हो सकता है कि मैं ऐसे मुद्दे उठाता हूं, जिन पर आमतौर पर बात नहीं होती। लेकिन क्या जनहित के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई गलती की है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं यह सवाल इसलिए पूछ रहा हूं, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर कहा है कि राघव चड्ढा को संसद में बोलने से रोका जाए। भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा। मैं तो जब बात करता हूं, जनता के मुद्दे पर बात करता हूं, आम आदमी की बात करता हूं।' राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने तो एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात रखी। ब्लिंकिट-जोमैटो राइडर्स की बात रखी। मैंने टोल प्लाजा लूट से बैंक चार्जेस लूट की बात रखी।
चड्ढा के वीडियो संदेश पर आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया भी आ गई है। पार्टी ने चड्ढा पर आरोप लगाया कि वे देश के लिए जरूरी अहम मुद्दे नहीं उठा रहे थे। AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि राघव चड्ढा सदन में पार्टी के मुद्दे उठाने के बजाय एयरपोर्ट की कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने की बात करते उठाते थे। सदन में पार्टी के लाए प्रस्ताव पर भी भाई साहब ने साइन करने से मना कर दिया था। निडरता पहली पहचान है हमारी। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए?
बता दें कि AAP ने गुरुवार को चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। पंजाब से ही राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को उनकी जगह दे दी। पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर जानकारी दी थी। लेटर में कहा कि चड्ढा को सदन में पार्टी की तरफ से बोलने का समय न दिया जाए। पार्टी ने इस फैसले की वजह नहीं बताई।




