छत्तीसगढ़ में जमाखोरी पर सख्ती, 3000 से ज्यादा सिलिंडर जब्त, 97 FIR दर्ज
छत्तीसगढ़ सरकार ने ईंधन की जमाखोरी रोकने के लिए सख्त अभियान चलाया है। राज्यभर में 3841 सिलिंडर जब्त किए गए और 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने ईंधन की आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए राज्यभर में सख्त कार्रवाई की है। अब तक 3841 गैस सिलिंडर जब्त किए गए हैं और जमाखोरी के मामलों में 97 एफआईआर दर्ज की गई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद यह अभियान तेज किया गया था। इसके तहत 335 स्थानों पर छापेमारी की गई थी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी की ठोस पुष्टि भले नहीं हुई हो लेकिन जमाखोरी की आशंका के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। साथ ही आम लोगों को कंटेनरों में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी गई है। केवल अधिकृत संस्थानों जैसे मोबाइल टावर और जेनसेट संचालन करने वाली इकाइयों को ही इसकी अनुमति दी जाएगी।
सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और कड़ी कर दी गई है। चेक पोस्ट पर पेट्रोल, डीजल और गैस सिलिंडरों की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि अवैध परिवहन को रोका जा सके। इसके अलावा घरेलू गैस से जुड़ी समस्याओं या कालाबाजारी की शिकायत दर्ज कराने के लिए सरकार ने टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 जारी किया है।
इंटरनेट मीडिया पर फैल रही अफवाहों को नियंत्रित करने के लिए भी प्रशासन सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भ्रामक या गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव विकासशील ने बताया कि आवश्यक सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए अस्पतालों, छात्रावासों, रेलवे, एयरपोर्ट कैंटीन और सैन्य बलों जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों को गैस सिलिंडरों की आपूर्ति में प्राथमिकता दी जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य साफ है, आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




