CG: बिलासपुर में बर्ड फ्लू का कहर, सरकारी पोल्ट्री फार्म में 4400 मुर्गियों की मौत
बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू से 4,400 मुर्गियों की मौत हो गई। जांच में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू के प्रकोप से 19 से 24 मार्च के बीच करीब 4400 मुर्गियों की मौत हो गई। जांच रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लुएंजा की पुष्टि हुई है। जिसके बाद प्रशासन ने पूरे इलाके में सख्त निगरानी लागू कर दी है। साथ ही 10 किलोमीटर के दायरे को अलर्ट जोन घोषित किया गया है।
पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. जीएस तंवर के अनुसार, फार्म में कुल 5037 मुर्गियां मौजूद थी। जिनमें से बड़ी संख्या में मुर्गियां अचानक बीमार होकर मरने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृत पक्षियों के सैंपल भोपाल और पुणे की प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे गए थे। जहां बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित किया है। जबकि, 10 किलोमीटर तक का इलाका निगरानी क्षेत्र में रखा गया है। नियमों के तहत संक्रमित क्षेत्र में सभी मुर्गियों, उनके अंडों और चारे को नष्ट किया जाएगा और इनके आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही प्रभावित पोल्ट्री मालिकों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी लागू की जाएगी। कुलिंग की कार्रवाई पूरी होने के बाद फार्म को सील कर दिया जाएगा।
जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संक्रमण को फैलने से रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है। साथ ही कंटेनमेंट जोन में आवाजाही नियंत्रित रखने, संक्रमित पक्षियों की वैज्ञानिक तरीके से सैंपलिंग, कुलिंग और सुरक्षित निपटान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों की नियमित जांच करने को कहा गया है। जबकि, पशुपालन विभाग को आसपास के पोल्ट्री फार्मों की सघन निगरानी और आवश्यक प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।




