मुंबई के केमिकल फैक्ट्री में मजदूरों ने एक-दूसरे पर फेंका एसिड, 600 रुपए के विवाद में उठाया खौफनाक कदम

मुंबई के मालाड में एक अवैध केमिकल फैक्ट्री में महज 600 रुपये के विवाद में मजदूरों ने एक-दूसरे पर तेजाब फेंक दिया। इस भीषण हमले में 6 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।

Publish: Apr 03, 2026, 06:12 PM IST

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के मालाड इलाके में एक मामूली उधारी का विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। यहां एक अवैध केमिकल फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों ने एक दूसरे पर तेजाब फेंक दिया। इस घटना में छह मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, मालाड के पाल नगर स्थित एक अनधिकृत केमिकल यूनिट में काम करने वाले मजदूरों के बीच 600 रुपये के लेन देन को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद धीरे धीरे बढ़ते हुए मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आए मजदूरों ने फैक्ट्री में मौजूद तेजाब की बोतलों को उठा लिया और एक दूसरे पर फेंकना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से फैक्ट्री परिसर में अफरा तफरी मच गई।

यह भी पढ़ें:राजगढ़ में भाजपा नेता पर कुल्हाड़ी से हमला, मंत्री गौतम टेटवाल पर लगाए गंभीर आरोप

तेजाब की चपेट में आए छह मजदूर बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद पाल नगर इलाके में तनाव का माहौल है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुंबई पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ दंगा भड़काने और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। कई आरोपी घटना के बाद से फरार हैं जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं।

प्रशासन की संयुक्त टीम उस फैक्ट्री की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह यूनिट बिना वैध लाइसेंस और जरूरी सुरक्षा मानकों के संचालित हो रही थी। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि दोषी मजदूरों के साथ-साथ फैक्ट्री मालिक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:राजगढ़ में 35 वर्षीय महिला से दुष्कर्म, जंगल में आरोपी ने 4 घंटे में 3 बार किया जबरदस्ती