MP में जहरीली शराब से चार और मौतें, 19 पहुंचा कुल मौतों का आंकड़ा, अस्पतालों में 112 मरीज भर्ती

पुलिस ने मामले में 30 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से 10 को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे शराब के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

Updated: Sep 07, 2026, 03:09 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हो रही मौतों का सिलसिला नहीं थम रहा है। सोमवार को जहरीली शराब पीने वाले चार और लोगों ने दम तोड़ दिया। इसी के साथ कुल मौतों का आंकड़ा बढ़कर 19 तक पहुंच गया है। जबकि 112 मरीज राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं।

सोमवार सुबह महेश रावत (55) निवासी धुरमार ने बंडा अस्पताल, छापरी गांव की रहने वाली श्याम बाई अहिरवार (50) ने जिला अस्पताल और पापेट गांव निवासी कृष्ण कुमार लोधी ने मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा। इससे पहले एयरलिफ्ट कर भोपाल लाए गए राम प्रसाद लोधी की रविवार रात को मौत हुई थी। पिता गोविंद लोधी ने भी रविवार को दम तोड़ा था। वहीं, रामप्रसाद का छोटा भाई भूरे लोधी बीएमसी में भर्ती है। बमूरा भेड़ा गांव में अब तक 6 मौतें हो चुकी हैं।

फिलहाल, 112 लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। पुलिस ने मामले में 30 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें से 10 को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे शराब के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। लाइसेंसी ठेकेदार सिद्धार्थ कुशवाहा और यशवंत ठाकुर को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि सागर के नौराज ग्राम पंचायत के ततरवारा गांव में लंबे समय से अवैध शराब बनाई जा रही है। यहां से आसपास के गांवों में शराब की सप्लाई होती है।ग्रामीणों के मुताबिक, शराब बनाने के काम में कई प्रभावशाली और आपराधिक प्रवृत्ति के लोग जुड़े हैं। उनकी दहशत के कारण ग्रामीण खुलकर नाम लेने से डरते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय पुलिस भी ततरवारा गांव में शराब के खिलाफ कार्रवाई करने से कतराती है।

सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि शराब मामले में बंडा और विनायका थाने में 25 से अधिक नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उनसे शराब के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग स्थानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। मामले के सभी बिंदुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।

मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस त्रासदी के कारण कई परिवारों में मातम छा गया है, जहां छोटे-छोटे बच्चों और बेटियों के सिर से पिता का साया उठ चुका है। जीतू पटवारी ने सागर पुलिस अधीक्षक (SP) पर तत्काल FIR दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की मांग की। उन्होंने SP के पुराने रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा कि इससे पहले मुरैना में भी ऐसी ही जहरीली शराब त्रासदी हुई। इस दौरान यही एसपी वहां पदस्थ थे।