राममंदिर चढ़ावा चोरी: दान की गिनती करने वाले 23 कर्मचारियों ने एक साथ छोड़ी नौकरी

राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती करने वाले 23 कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया है। राम मंदिर दान चोरी विवाद के बाद सभी कर्मचारियों की ड्यूटी को 6 घंटे से बढ़ाकर 9 घंटे कर दिया गया है।

Updated: Jul 10, 2026, 05:25 PM IST

अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती करने वाले 23 कर्मचारियों ने बुधवार को अचानक इस्तीफा दे दिया। उनका कहना है कि दान चोरी विवाद के बाद चढ़ावे की गिनती को दो शिफ्ट में खत्म करके एक शिफ्ट में कर दिया गया। इसके साथ ही उनकी ड्यूटी को 6 घंटे से बढ़ाकर 9 घंटे कर दिया गया। उनका कहना है कि सभी कर्मचारियों का मेहनताना भी घटा दिया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सभी कर्मचारियों ने बुधवार को एक साथ बैठक करके बदलावों का विरोध किया और राम मंदिर के अधिकारियों के सामने अपनी डिमांड रखी। लेकिन जब उनकी मांग को खारिज कर दिया गया, तो 23 कर्मचारियों ने इस्तीफा दे दिया।

एक साथ 23 कर्मचारियों के इस्तीफे की वजह से अब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, बैंक और कर्मचारी मुहैया कराने वाली एजेंसी के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है। उन्हें अब नई भर्तियां करनी पड़ेंगी। लेकिन इतने कम समय में यह अभी मुमकिन नहीं है। इसके साथ ही 23 कर्मचारियों के इस्तीफे के बाद सिर्फ 13 कर्मचारी ही चढ़ावे की गिनती के लिए पहुंचे।

इस्तीफा देने वाले एक कर्मचारी का कहना है कि पहले मेहनताना के रूप में हर महीने सभी को 14755 रुपये मिलता था। लेकिन अब मेहनताना भी सभी को अलग-अलग दिया जा रहा है। इसके साथ ही छुट्टियों की संख्या भी घटा दी गई है। कर्मचारी ने बताया कि बुधवार को सभी कर्मचारियों ने एसबीआई तुलसी उद्यान ब्रांच, राम मंदिर अयोध्या के अधिकारियों और सैनिक सिक्योरिटी के सुपरवाइजर जयराम यादव से बदलावों की शिकायत करते हुए अपनी मांग रखी। लेकिन उनकी मांग को स्वीकार नहीं किया गया। इसके बाद 23 कर्मचारियों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया।

बहरहाल, एक साथ 23 कर्मचारियों के इस्तीफे की वजह से अब श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट, बैंक और कर्मचारी मुहैया कराने वाली एजेंसी के लिए नई मुसीबत खड़ी हो गई है। उन्हें अब नई भर्तियां करनी पड़ेंगी। इस्तीफे के बाद सिर्फ 13 कर्मचारी ही चढ़ावे की गिनती के लिए पहुंचे।