MP में मौसम का मिजाज़ गर्म, 40 डिग्री के पार पहुंचा दिन का पारा

15 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव की उम्मीद, प्रदेश में बादल छाने के साथ साथ हल्की बूंदा-बांदी की संभावना

Updated: Apr 14, 2023, 07:49 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज़ काफ़ी गर्म है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। जबलपुर ग्वालियर सहित प्रदेश के कुल 13 शहरों का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल के बाद मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 

गुरुवार को राजधानी भोपाल में दिन का पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में तापमान 38.6 जबकि ग्वालियर में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। दिन के साथ साथ रात में भी लोगों को गर्म हवाएं झेलनी पड़ रही हैं। 

गुरुवार शुक्रवार की सबसे गर्म रात नर्मदापुरम और रायसेन में दर्ज की गई। यहां पर रात का पारा 25.6 डिग्री पहुंच गया। भोपाल में रात का पारा 24.9 जबकि दमोह में 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में रात का तापमान 24.3 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य शहरों में भी कमोबेश यही हालत रही। 

हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 अप्रैल से मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। अनुमान के मुताबिक 15 अप्रैल से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। 20 अप्रैल तक मध्य प्रदेश में हीट वेव न चलने के आसार हैं।