उज्जैन में भीषण सड़क हादसा, पिकअप पलटने से तीन मजदूरों की मौत, 14 महिलाएं घायल

उज्जैन में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। 14 घायल हैं, इनमें पांच की हालत गंभीर है।

Updated: Dec 31, 2024, 03:05 PM IST

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यहां मंगलवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप पलट गई। हादसे में तीन लोगों ने दम तोड़ दिया जबकि 14 घायल हैं। इनमें पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज महिदपुर में चल रहा है। 

बताया जा रहा है कि पिकअप में 24 लोग सवार थे। हादसे के बाद से पिकअप चालक फरार है। हादसा महिदपुर तहसील के डेलची गांव में सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। पिकअप मजदूरों को लेकर रतलाम जा रही थी। स्पीड तेज होने के चलते पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे ऊतरकर पलट गई। 

हादसे में मजदूर वाहन के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पिकअप के नीचे दबने से कंचन बाई (45), जसोदा बाई (35) और बाला राम (15) की मौत हो गई। माया बाई, रेखा बाई, पायल बाई, रम्भा बाई को गंभीर हालत में उज्जैन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

इसके अलावा मंजू बाई, हेमा बाई, साजन बाई, लक्ष्मी बाई, डाली बाई, रेखा बाई, ललिता बाई, रम्भा बाई, कमला बाई, उमराव बाई, सुगन बाई और रुक्मा बाई को महिदपुर के अस्पताल हैं। सभी महिलाएं मजदूर थीं और सुबह के समय खेतों में मटर तोड़ने के लिए अन्य गांवों में जा रही थीं।