मंदसौर में चिकित्सीय फर्जीवाड़े का खुलासा, पंजाब में बैठा डॉक्टर कर रहा बच्चों का इलाज
मंदसौर के साईनाथ हॉस्पिटल पर पंजाब के डॉक्टर के फर्जी हस्ताक्षर से नवजातों को एनआईसीयू में भर्ती दिखाकर आयुष्मान योजना के लाखों रुपये लेने का आरोप लगा है।
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। भैसोदा मंडी स्थित साईनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर पर आरोप है कि पंजाब के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में पदस्थ बाल रोग विशेषज्ञ के नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, सील और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर नवजात बच्चों को एनआईसीयू में भर्ती दिखाया गया। अस्पताल ने इन बच्चों के उपचार के नाम पर आयुष्मान योजना से लाखों रुपये के भुगतान भी प्राप्त किए। मामले की शिकायत संबंधित चिकित्सक ने की है जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
इस प्रकरण में सबसे गंभीर सवाल नवजातों की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर उठ रहे हैं। अस्पताल के रिकॉर्ड और आयुष्मान पोर्टल पर कई बच्चों को सेप्सिस और नियोनेटल जॉन्डिस जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताकर एनआईसीयू में भर्ती दर्ज किया गया। हालांकि, बच्चों के परिजनों का कहना है कि जन्म के बाद से ही उनके बच्चे स्वस्थ थे और मां के पास ही रहे। ऐसे में यह जांच का विषय है कि स्वस्थ नवजातों को गंभीर बीमारी से ग्रस्त बताकर गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती क्यों दर्शाया गया।
पूरा मामला बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज मोगरे की पहचान और चिकित्सकीय दस्तावेजों के दुरुपयोग से जुड़ा है। डॉ. मोगरे पहले साईनाथ हॉस्पिटल में कार्यरत थे लेकिन काफी समय पहले नौकरी छोड़कर पंजाब के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में पदस्थ हो गए। इसके बावजूद अस्पताल में उनके नाम और रजिस्ट्रेशन का इस्तेमाल जारी रहने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार, अस्पताल ने उनकी जानकारी और पहचान का उपयोग करते हुए आयुष्मान पोर्टल पर नवजातों के उपचार से संबंधित प्रविष्टियां दर्ज की गई। जब डॉ. मोगरे को उनके नाम पर हो रहे उपचार और रजिस्ट्रेशन के इस्तेमाल की जानकारी मिली तो उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद यह मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आया।
शिकायत सामने आने के बाद मंदसौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके द्विवेदी ने 25 नवंबर को जांच के आदेश जारी किए। मामले की पड़ताल के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है। इसमें जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसजी सूर्यवंशी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल सिसौदिया, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद वर्मा और एमएंडई अधिकारी राकेश शर्मा को शामिल किया गया है।
समिति को सात दिन के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में अस्पताल के मरीजों के उपचार संबंधी रिकॉर्ड, आयुष्मान पोर्टल पर दर्ज जानकारियों, चिकित्सक के रजिस्ट्रेशन और हस्ताक्षरों के इस्तेमाल की पड़ताल की जाएगी। इसके अलावा नवजातों की भर्ती, बीमारी के विवरण और योजना के तहत किए गए भुगतान से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले जाएंगे। सीएमएचओ डॉ. आरके द्विवेदी के अनुसार, गठित टीम नियमानुसार पूरे मामले की जांच कर सात दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
साईनाथ हॉस्पिटल के संचालक अशोक नागर इससे पहले भी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रवृत्ति से जुड़े अनियमितता के मामलों में चर्चा में रह चुके हैं। भैसोदा स्थित श्री साईंनाथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल संस्थान से संबंधित छात्रवृत्ति घोटाले की शिकायतों पर लोकायुक्त में प्रकरण क्रमांक 194/2017 और 497/2018 दर्ज किए गए थे। इन मामलों में जांच जारी होने की जानकारी है। इनमें से एक प्रकरण में करीब 7.50 लाख रुपये की वसूली भी की जा चुकी है।
इसके अलावा उमरिया में पैरामेडिकल कॉलेज के जरिए छात्रवृत्ति संबंधी गड़बड़ियों के आरोप भी सामने आए थे। राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में साल 2019 के दौरान कागजों पर श्री साईंनाथ हॉस्पिटल और मां जालपा नर्सिंग कॉलेज संचालित दिखाने का मामला भी दर्ज हुआ था। इस प्रकरण में स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी और कर्मचारी भी आरोपित बनाए गए थे। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
मध्य प्रदेश के चर्चित नर्सिंग कॉलेज घोटाले की जांच के दौरान सीबीआई के एक अधिकारी से जुड़े रिश्वत प्रकरण में लेन देन के आरोपों के चलते अशोक नागर के खिलाफ भी सीबीआई ने मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में भी जांच जारी होने की जानकारी सामने आई है।
साल 2019 में खिलचीपुर में अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज के कथित फर्जी संचालन को लेकर एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अशोक नागर को बाद में मंदसौर में साईनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संचालन की अनुमति कैसे मिली, यह भी सवालों के घेरे में है।
इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका और अस्पताल को अनुमति देने के दौरान प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की जांच की मांग उठ रही है। यह भी पता लगाने की जरूरत है कि अस्पताल प्रबंधन ने पूर्व के मामलों से संबंधित जानकारी छिपाई थी या अनुमति देने की प्रक्रिया में किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की चार सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि नवजातों के उपचार के नाम पर आयुष्मान योजना में भुगतान लेने के आरोपों में कितनी सच्चाई है और चिकित्सक की पहचान के दुरुपयोग में अस्पताल प्रबंधन की क्या भूमिका रही। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।




