MP के 55 लाख स्कूली बच्चों को अब तक नहीं मिली यूनिफॉर्म, 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट तक शुरू नहीं
मध्य प्रदेश के 55 लाख सरकारी स्कूली विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के 600 रुपये अब तक नहीं मिले। भोपाल समेत 13 जिलों में प्रोफाइल अपडेट नहीं होने से भुगतान अटका है।
भोपाल। मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा पहली से आठवीं तक के करीब 55 लाख विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में अब तक स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने के लिए मिलने वाली राशि का इंतजार है। सत्र समाप्त होने में महज चार महीने शेष हैं लेकिन बच्चों के खातों में 600 रुपये की सहायता राशि नहीं पहुंची है। नतीजतन विद्यार्थी अब भी अपनी पसंद के रंग बिरंगे कपड़े पहनकर स्कूल आने को मजबूर हैं।
दरअसल इस साल सरकार ने पहले से यूनिफॉर्म तैयार कराकर विद्यार्थियों तक पहुंचाने की योजना बनाई थी। इसके लिए पाठ्य पुस्तक निगम की यूनिट को खरीदी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, टेंडर प्रक्रिया में विवाद सामने आने के बाद पूरी खरीदी निरस्त कर दी गई। इसके बाद सितंबर में सरकार ने यूनिफॉर्म के बदले सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पैसे भेजने का निर्णय लिया। इस वैकल्पिक व्यवस्था पर भी अब तक अमल नहीं हो पाया है।
सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के प्रत्येक विद्यार्थी को गणवेश के लिए 600 रुपये दिए जाते हैं। इस रकम से बच्चों को दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदनी होती है। प्रदेश में लाभार्थी विद्यार्थियों की संख्या लगभग 55 लाख है। ऐसे में योजना के तहत हर साल करीब 350 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद इस सत्र में बड़ी संख्या में बच्चों को यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ नहीं मिल सका है।
राशि वितरण में देरी की प्रमुख वजह विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने की प्रक्रिया अधूरी होना है। राज्य शिक्षा केंद्र के 12 नवंबर को जारी आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेशभर में अब तक केवल 69 प्रतिशत विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट हो पाई है। भोपाल सहित 13 जिलों में यह काम अभी तक एक भी विद्यार्थी के लिए पूरा नहीं हुआ है।
इसके उलट विदिशा, निवाड़ी, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, टीकमगढ़ और शाजापुर ने प्रोफाइल अपडेट करने का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। वहीं, खंडवा में प्रगति सबसे धीमी है। वहां केवल 11 प्रतिशत विद्यार्थियों का ही डाटा अपडेट हुआ है। बालाघाट में यह आंकड़ा 79 प्रतिशत तक पहुंचा है। बाकी जिलों में भी प्रोफाइल अपडेट करने का काम अलग-अलग स्तर पर जारी है।
विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट होना भुगतान प्रक्रिया के लिए जरूरी है। जब तक संबंधित विद्यार्थियों का डाटा अपडेट नहीं होता तब तक उनके बैंक खातों में यूनिफॉर्म की रकम ट्रांसफर नहीं की जा सकती। यही वजह है कि टेंडर निरस्त होने के बाद सीधे भुगतान का विकल्प चुनने के बावजूद योजना अटकी हुई है।
इस मामले में राज्य शिक्षा केंद्र की अपर मिशन संचालक कंचन जावला ने कहा कि कुछ जिलों में प्रोफाइल अपडेट करने का काम अभी बाकी है। इसे जल्द पूरा करा लिया जाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों के खातों में यूनिफॉर्म की राशि भेज दी जाएगी। हालांकि, भुगतान किस तारीख तक पूरा होगा इसकी कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई गई है।




