भोपाल के फंदा में सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, 28 नवंबर को चक्काजाम का ऐलान
भोपाल के फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकाला। किसानों ने 28 नवंबर को चक्काजाम का ऐलान कर फैक्ट्री अनुमति रद्द करने की मांग उठाई।
भोपाल। राजधानी भोपाल के फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों और किसानों का विरोध तेज हो गया है। गुरुवार रात ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकालकर फैक्ट्री के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही आंदोलन को संगठित करने के लिए एक कार्यालय भी शुरू किया गया है। समिति ने 28 नवंबर को दोपहर 12 बजे रेलवे क्रॉसिंग के पास बड़ी बैठक बुलाने के साथ चक्काजाम करने की घोषणा की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री स्थापित होने से पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ सकता है। उनका दावा है कि फैक्ट्री के कारण वायु प्रदूषण बढ़ेगा और पानी के स्रोतों के साथ जमीन की गुणवत्ता भी प्रभावित होगी। इससे आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रस्तावित फैक्ट्री की जगह बड़ा तालाब के कैचमेंट क्षेत्र में होने के कारण ग्रामीणों ने जलस्रोतों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि औद्योगिक गतिविधियों से इस क्षेत्र के प्राकृतिक जलसंसाधनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी आशंका को देखते हुए ग्रामीण फैक्ट्री की स्थापना का विरोध कर रहे हैं।
विरोध के बीच जिला पंचायत सदस्य देवकुंवर अनिल हाड़ा ने गुरुवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) इला तिवारी से मुलाकात कर उन्हें पत्र सौंपा। इसमें फंदा क्षेत्र में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को अनुमति नहीं देने की मांग की गई है।
समिति के मुताबिक, इस परियोजना का असर केवल फंदा तक सीमित नहीं रहेगा। फंदाकलां, बरखेड़ी, गौर, धतूरिया, गुनगा, नीलबड़ और रातीबड़ समेत आसपास के दर्जनों गांव इसकी जद में आ सकते हैं।
फिलहाल ग्रामीणों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। 28 नवंबर को प्रस्तावित बैठक और चक्काजाम के जरिए वे फैक्ट्री के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे। उनकी प्रमुख मांग है कि क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने की अनुमति नहीं दी जाए।




