इंदौर में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, नशे के खिलाफ प्रदर्शन करने पहुंचे थे कार्यकर्ता

कार्यकर्ता शहर में बढ़ती नशा खोरी और नाइट कल्चर को लेकर दूषित हो रहे माहौल के विरोध में हिन्दू संगठन करीब एक माह से प्रदर्शन कर रहे थे। 

Updated: Jun 16, 2023, 07:16 PM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के पलासिया थाने पर नशे के विरोध में प्रदर्शन कर रहे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल नि‍र्मित हो गया। हालांकि पुलिस ने हालात पर काबू पा लिया है।

मामला शहर के पलासिया चौराहे का है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे बजरंग दल के कार्यकर्ता यहां जुटे। वे नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने सड़क बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कई बार हटने के लिए कहा, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जिसमें कई कार्यकर्ताओं को चोट आई है, सभी को मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया है। साथ ही तुकोगंज और पलासिया थाने के दो-दो पुलिसकर्मियों का भी मेडिकल कराया गया है।

लाठी चार्ज के बाद गिरफ्तार हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से मिलने भाजपा नगर भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को मिलने सीआई जेल पहुंचे। रणदिवे का कहना है कि घटना को लेकर पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की गई है।

DCP धर्मेन्द्र भदौरिया का कहना है कि गुरुवार शाम साढ़े सात बजे बजरंग दल के लोगों ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने और थाने में ज्ञापन देने की बात कही थी। लेकिन 500 कार्यकर्ता यहां इकट्‌ठा हो गए। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद कार्यकर्ता इधर-उधर भाग गए। छप्पन दुकान पर पहुंचे कुछ कार्यकर्ताओं ने दुकानों पर पथराव कर दिया। यहां पहुंचे लोग भी पथराव से बचने के लिए भागते नजर आए। ड्यूटी कर रहे हेड कास्टेबल संदीप सिंह के सिर में चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

बजरंग दल के गन्नी चौकसे ने बताया कि शहर में बढ़ती नशा खोरी और नाइट कल्चर को लेकर दूषित हो रहे माहौल के विरोध में हिन्दू संगठन करीब एक माह से प्रदर्शन कर रहा हैं। इस दौरान पैदल मार्च कर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को चेतावनी भी दी गई थी कि नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।