भोपाल के आदमपुर स्थित प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग, 20 फीट ऊंची उठीं लपटें

भोपाल के आदमपुर कचरा खंती के पास प्लास्टिक प्लांट में भीषण आग लगी। 20 फीट ऊंची लपटें उठीं, धुआं 5 किलोमीटर दूर तक दिखा।

Updated: Nov 16, 2026, 05:03 PM IST

भोपाल। राजधानी भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती के पास सोमवार सुबह प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 20 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार लगभग 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। आसपास के फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां बुलाकर आग बुझाने का अभियान चलाया गया।

आग आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट के पास संचालित प्लास्टिक प्लांट में लगी थी। यह प्लांट प्रतिदिन 5 टन प्लास्टिक प्रोसेस करने की क्षमता रखता है और पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत संचालित है। टेराफॉर्म संस्था को इसके संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों की कार्रवाई के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना से आदमपुर वेस्ट प्रोसेसिंग साइट के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। नगर निगम के उपायुक्त भुवन गुप्ता ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

आदमपुर कचरा खंती में आग लगने का यह इस साल का चौथा मामला है। इससे पहले भी यहां आग लगने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हालांकि, पिछली घटनाओं में आग का स्तर अपेक्षाकृत कम था। खंती में हर साल गर्मी और अन्य परिस्थितियों के दौरान आगजनी होती रही है। बार बार आग लगने की समस्या को देखते हुए यहां दमकल वाहनों की स्थायी तैनाती भी की गई है। इसके बावजूद आग की तीव्रता अधिक होने पर उसे नियंत्रित करने में समय लगता है।

आदमपुर की कचरा खंती लंबे समय से पर्यावरण और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। यहां जमा कचरे के विशाल ढेर से आसपास के क्षेत्रों में भूजल दूषित होने की शिकायतें सामने आई हैं। स्थिति यह है कि प्रभावित इलाकों के लोगों को पानी की जरूरत पूरी करने के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। खंती में जमा पुराने कचरे को हटाने का मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है। इस मामले में 17 नवंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। सुनवाई के दौरान कचरे के निस्तारण और उसे हटाने को लेकर आदेश आने की उम्मीद जताई जा रही है।