नशे में धुत TI ने दिखाई वर्दी की धौंस, लोगों ने दौड़ा दौड़ाकर पीटा

झाबुआ का मामला, लोगों से लगातार बदतमीजी कर रहा था TI, काफी देर तक बदसलूकी करने के बाद टूटा लोगों का सब्र, दौड़ा दौड़ाकर पीटने लगे, थाने पहुंचने पर करने लगे निलंबन की मांग

Updated: Jan 02, 2022, 05:05 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

झाबुआ। नए साल के अवसर पर लोगों को वर्दी की धौंस दिखाना एक TI को महंगा पड़ गया। लगातार लोगों से बदसलूकी कर रहे TI को लोगों ने दौड़ा दौड़ाकर पीट डाला। इसके बाद लोग थाने तक TI के पीछे पीछे पहुंच गए और निलंबन की मांग करने लगे। जिसके बाद TI और एक अन्य पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया। 

यह मामला झाबुआ के रायपुरिया क्षेत्र का बताया जा रहा है। शनिवार शाम करीब सात बजे TI अनिल बामनिया लोगों के साथ गाली गलौज कर रहे थे। आते जाते किसी भी व्यक्ति के साथ बदसलूकी कर रहे थे। लोगों को पीट रहे थे। इसी दौरान नशे में धुत TI ने बाइक सवार लोगों को थप्पड़ भी जड़ दिए। 

TI के इस बर्ताव को देख लोगों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। जिसके बाद लोगों ने TI और साथ में मौजूद एक एएसआई को भी पीटना शुरू कर दिया। लोगों ने TI को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। 

दोनों पुलिसकर्मी को पिटता देख अन्य पुलिसकर्मी उन्हें पुलिस की गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। जिसके बाद लोग भी पीछे पीछे थाने पहुंच गए और दोनों पुलिसकर्मी पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। लोगों के हंगामे की सूचना मिलने पर एएसपी और एसडीओपी भी थाने पहुंच गए। जहां लोगों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों पर नशे में धुत होकर आम जनता के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया। जिसके बाद एसपी आशुतोष गुप्ता ने TI अनिल बामनिया और एएसआई अजीतसिंह को निलंबित कर दिया।