DJ पर डांस कर रहे थे कांवड़िए, हाई टेंशन वायर से फैला करंट, एक की मौत, कई गंभीर रूप से झुलसे

महू में कांवड़ यात्रा में करंट लगने से सोमवार को एक कांवड़िए की मौत और तीन गंभीर रूप से घायल हो गए

Updated: Aug 08, 2022, 01:42 PM IST

इंदौर। महू में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां कांवड़ यात्रा के दौरान करंट लगने से एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि तीन बुरी तरह से झुलस गए। कावंड़िए डीजे की धुन पर डीजे वाहन की छत पर चढ़कर डांस कर रहे थे। उसी दौरान वो करंट की चपेट में आ गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना सिमरोल थाना क्षेत्र की है। यहां ग्रामीण कांवड़ यात्रा निकाल रहे थे। डीजे पर तेज आवाज में भक्ति गीत बज रहे थे। उसी दौरान कुछ युवा कांवड़िए डांस करने के लिए डीजे वाहन के ऊपर चढ़ गए। डांस करने के दौरान एक कांवडिए का हाथ ऊपर से निकल रही बिजली की लाइन से टकरा गया। जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में करंट फैलने से तीन कांवडिए झुलस गए। करंट लगने से कुछ लोग गाड़ी से नीचे भी गिर गए।

यह भी पढ़ें: MP में किसानों का अनोखा प्रदर्शन, प्याज और लहसुन की निकाली शव यात्रा, भाव नहीं मिलने से हैं परेशान

सिमरोल टीआई आरएस भदौरिया ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। उस समय कांवड़िए आपस में डांस कॉम्पिटिशन कर रहे थे। करंट लगते ही एक के बाद एक युवक गिरने लगे। एक युवक रौनक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिव, लोकेश और अतुल झुलस गए। शिव को इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। लोकेश और अतुल का इलाज महू में हो रहा है। इधर, एसपी (ग्रामीण) भगवत सिंह विर्दे ने बताया कि गंभीर घायल युवकों का इलाज चल रहा है। वहीं डीजे संचालकों के विरुद्ध लापरवाही का मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।