इंदौर में सब्जी मंडी हटाने के विरोध में सब्जी विक्रेताओं का प्रदर्शन, नगर निगम मुख्यालय घेरा
सोमवार को इंदौर के फूटी कोठी चौराहे से पुरानी सब्जी मंडी हटाए जाने के विरोध में सब्जी विक्रेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।
इंदौर के फूटी कोठी चौराहे स्थित पुरानी सब्जी मंडी हटाए जाने के विरोध में सोमवार को सब्जी विक्रेता और कांग्रेस कार्यकर्ता नगर निगम मुख्यालय पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने ब्रिज के नीचे दोबारा दुकानें लगाने की अनुमति देने की मांग की। विरोध बढ़ता देख निगम मुख्यालय के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारी गेट पर ही धरने पर बैठ गए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की।
दरअसल संत सेवालाल ब्रिज की सर्विस लेन पर सालों से लग रही सब्जी मंडी को शनिवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने हटा दिया था। शुरुआत में वहां कुछ दुकानें लगती थी लेकिन धीरे-धीरे इनकी संख्या 250 से अधिक हो गई थी। दुकानदारों ने फुटपाथ से लेकर सड़क तक कब्जा कर लिया था। इससे चौराहे पर जाम की स्थिति बनती थी और पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया था। मंडी हटने के बाद सर्विस लेन खुल गई है।
यह भी पढ़ें:अयोध्या से जनकपुर के बीच शुरू हुई सीधी ट्रेन, PM मोदी और नेपाली PM बालेन शाह ने दिखाई हरी झंडी
दूसरी ओर सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से इसी जगह कारोबार कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। मंडी हटने से उनके सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। नगर निगम ने दुकानदारों को चंदन नगर चौराहे पर शिफ्ट करने का फैसला लिया है। रविवार को करीब 160 दुकानदारों को वहां जगह भी आवंटित की गई थी लेकिन बाकी विक्रेताओं को अब तक जगह नहीं मिल सकी है। दुकानदारों का विरोध इस बात को लेकर भी है कि चंदन नगर मौजूदा मंडी से काफी दूर है। वहां ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल होगा।
विक्रेताओं ने रविवार को भी ब्रिज के नीचे धरना दिया था। इस दौरान नगर निगम की रिमूवल टीम दोबारा दुकानें लगने की आशंका के चलते मौके पर पहुंची। धरने पर बैठे लोगों ने टीम के सामने विरोध जताया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने साष्टांग दंडवत कर गरीब दुकानदारों के प्रति रहम दिखाने की अपील भी की थी।
सोमवार को नगर निगम मुख्यालय पर हुए प्रदर्शन में शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने मंडी हटाने की कार्रवाई को लेकर महापौर और नगर निगम पर निशाना साधा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पहले मंडी को फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित तरीके से लगाने की बात कही गई थी लेकिन अब दुकानदारों को चंदन नगर भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:इंदौर में 62 मकानों पर नगर निगम ने चलाया बुलडोजर, कालका माता मंदिर तोड़ने पर भड़के लोग
निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने भी महापौर पुष्यमित्र भार्गव की पूर्व घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि मंडी को फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट करने की बात कही गई थी। विक्रेता इसी व्यवस्था की उम्मीद कर रहे थे। अब दिया जा रहा वैकल्पिक स्थान काफी दूर है। जिससे उनका कारोबार प्रभावित होगा।फिलहाल सब्जी विक्रेताओं की मांग है कि उन्हें फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाने की अनुमति दी जाए। ताकि उनका रोजगार भी बना रहे और सड़क पर यातायात भी बाधित न हो।




