गन्ने के भाव को लेकर भोपाल में किसानों का हल्लाबोल, बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सामने धरने पर बैठे

CM हाउस की ओर कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया। इसके बाद किसान बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के सामने प्रदर्शन करने लगे।

Updated: Nov 23, 2026, 06:45 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में गन्ना उत्पादक किसानों ने राज्य सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को गन्ने की कीमत बढ़ाने की मांग को लेकर बड़ी संख्य में किसान सड़क पर उतर आए। नरसिंहपुर से राजधानी पहुंचे किसानों ने गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल तय करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के पास रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए। 

प्रदर्शनकारी किसानों ने साफ कर दिया कि वे खाली हाथ लौटने वाले नहीं हैं। मांगें पूरी नहीं हुईं तो भोपाल में अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा। राष्ट्रवादी किसान आर्मी के नेतृत्व में पहुंचे किसानों का कहना है कि पिछले तीन महीने से वे नरसिंहपुर में शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। 

प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि खाद, बीज, डीजल, बिजली और मजदूरी महंगी हो गई है, जबकि गन्ने का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। किसानों का सवाल है कि जब चीनी के दाम ऊंचे हैं तो गन्ना उत्पादकों को उनकी उपज का सही दाम क्यों नहीं दिया जा रहा? किसानों की मांग है कि गन्ने का मौजूदा मूल्य 400 से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल किया जाए। उनका कहना है कि सरकार 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कर रही है, जो खेती की लागत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है।

बता दें कि नरसिंहपुर में भी किसान सात दिन तक प्रदर्शन कर चुके हैं। एसडीएम को ज्ञापन भी दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद किसानों ने भोपाल पहुंचकर मांग उठाने का फैसला किया। राष्ट्रवादी किसान आर्मी के किसान नीरज शर्मा ने कहा कि जो अन्नदाता देश का पेट भरता है, वो सड़कों पर पड़ा है। किसानों की बात नहीं सुनी गई तो सड़कों पर किसानों की भीड़ दिखाई देगी।